खेल

बार्मी आर्मी ने विराट की खराब फॉर्म का उड़ाया मजाक

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

भारतीय टीम का 15 साल बाद इंग्लैंड की सरजमीं पर सीरीज जीतने का सपना अधूरा रह गया। जसप्रीत बुमराह के नेतृत्व वाली टीम को इंग्लैंड ने एजबेस्टन में खेले गए पांचवें टेस्ट मैच में 7 विकेट से हराया। रिशेड्यूल निर्णायक टेस्ट मैच में मेजबान टीम ने चौथी पारी में आसानी से 378 के बड़े स्कोर का पीछा करते हुए सीरीज को 2-2 से बराबर कर दिया। इसी के साथ इंग्लैंड ने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा किया।

इंग्लैंड के लिए जॉनी बेयरस्टो ने वो काम किया, जो भारत के कई स्टार खिलाड़ी अपनी टीम के लिए करने में असफल रहे। दोनों पारियों में बेयरस्टो ने शतक लगाकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। जो रूट ने अपना 28वां टेस्ट शतक पूरा करने के लिए अपने सुनहरे फॉर्म को जारी रखा और खेल के सबसे लंबे प्रारूप में शतकों के मामले में  विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया।

इस मैच में भारतीय बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों का प्रदर्शन भी चर्चा का विषय रहा। लेकिन जॉनी बेयरस्टो और विराट कोहली के बीच गेम के तीसरे दिन हुई नोक-झोंक ने सबका ध्यान खींचा। हालांकि कुछ ओवरों के बाद दोनों खिलाड़ी हंसते हुए नजर आए। लेकिन अब एक बार इस  मामले ने तूल पकड़ लिया। दरअसल जीत के बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से कोहली का मजाक उड़ाया है।

इंग्लैंड बोर्ड ने दो तस्वीरें शेयर की है, जिसमें से एक में विराट कोहली अपने उंगली से बेयरस्टो को चुप रहने का इशारा कर रहे हैं, जबकि दूसरी फोटो में वह बेयरस्टो के साथ गले मिल रहे हैं।

इस बीच, इंग्लैंड के फैन ग्रुप ‘बार्मी आर्मी’ ने बेयरस्टो के दोहरे शतक के बाद कोहली की खराब फॉर्म का मजाक उड़ाते हुए कहा कि ‘बेयरस्टो ने पिछले 25 दिनों में कोहली के 18 महीनों की तुलना में ज्यादा रन बनाए हैं।” टेस्ट सीरीज के 2-2 से ड्रॉ होने के बाद अब दोनों टीमें गुरुवार से व्हाइट बॉल क्रिकेट पर फोकस करेंगी। पहला टी20 मैच गुरुवार (7 जुलाई) को साउथेम्प्टन में होगा। इस मैच में आखिरी टेस्ट मैच खेलने वाले ज्यादातर खिलाड़ी नहीं नजर आएंगे। उन्हें पहले मैच में आराम दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button