बिजली चोरी करते मिले 11 लोगों पर मुकदमा

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
बस्ती। विद्युत वितरण खंड प्रथम (नगरीय) की ओर से शहर के कटरा क्षेत्र में बुधवार भोर में करीब पांच बजे बिजली चोरों की धर-पकड़ के लिए अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। सघन जांच अभियान में 11 लोग बिजली चोरी करते हुए पकड़े गए। अधिशासी अभियंता संतोष कुमार ने बताया कि सभी पर गिदही स्थित बिजली थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। बुधवार सुबह विद्युत प्रवर्तन दल व अभियंताओं की टीम कटरा पहुंचकर 88 उपभोक्ता परिसरों का निरीक्षण किया। अधिशासी अभियंता ने बताया कि जांच में 10 लोग बिजली चोरी व एक उपभोक्ता बकाए में कटी लाइन खंभे से जोड़कर चलाते मिले। सभी पर चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। बताया कि चार उपभोक्ता निर्धारित भार से ज्यादा बिजली का उपयोग करते हुए पकड़े गए। सभी को नोटिस देकर उनका भार बढ़ाया गया। टीम में उपखंड अधिकारी मनोज कुमार यादव व राम इकबाल प्रसाद, अवर अभियंता जितेंद्र मौर्या, केएम यादव, फूलचंद, सत्येंद्र प्रसाद, विजय सिंह कुशवाहा, आशुतोष लाहिड़ी आदि मौजूद रहे।




