बीमारी

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
एक कहानीकार प्रेम नारायण जी डॉक्टर के पास पहुँचे और बोले, “डॉक्टर साहब, जरा नब्ज देखिए, मुझे क्या हुआ है, कोई मलेरिया, हिस्टीरिया जैसी कोई स्टोरीया बीमारी भी चली है क्या?”
“आपको परेशानी क्या है?”
“कई परेशानी है, पत्नी बोलती है, आप अपना इलाज कराइये। दोस्त , रिश्तेदार कन्नी काटने लगे हैं, कहीं मैं उनपर कोई रचना न लिख डालूँ। पहले जैसे पत्नी अपनी सहेलियों, पड़ोसियों की गप्पे भी नही सुनाती। बाहर किसीको ध्यान से देखूं तो लोग झट से रास्ता बदल देते हैं।
पत्नी सरकारी स्कूल में शिक्षिका है, बढ़िया वेतन है। मेरी नौकरी कोरोना के समय छूट गयी,तब से मैं निरंतर लिख रहा हूँ। बिना लिखे मेरा खाना भी हजम नही होता। हर जगह कहानी की वाहवाही भी होती है, मैगज़ीन और समाचारपत्र में भी छपती है।”
“बस करिए, समझ गया। पहले तो आप सुगर टेस्ट, बीपी, थाइरोइड, लिपिड प्रोफाइल, ईसीजी वगैरह सब यहां कराइये, फिर बीमारी को समझने की कोशिश करता हूँ।”
“लीजिए , रिपोर्ट आ गयी, आपके काउंटर पर बिल भी पे कर दिया।”
“तो सुनिए, रिपोर्ट के अनुसार आप एक स्वस्थ पुरुष हैं और इलाज यही है कि आज से आपको अपनी कमाई से ही रोटी खानी है, कुछ भी करिए, अपनी कहांनी बेचिए या दिमाग चलाइये या मेहनत करिए। लिखिए पर जब जरूरी समझिए तब ही, अब आप जा सकते हैं।”
स्वरचित
भगवती सक्सेना गौड़
बैंगलोर




