बेटा

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
ये सच है डोली में बैठ,
बेटे विदा नहीं होते हैं।
पर उनके दिल से पूछो, नौकरी के लिए,
दूर देश जाकर कितना वो रोते हैं।
दोस्तों की पुरानी महफ़िल ,
हँसना गाना सब वहीं छूट जाता है।
अब ना कोई प्यार जताता,
इक पल में ज़िम्मेदारी भर जाता है।
लापरवाही पर पिता की डाँट को यादकर
भावविह्वल वो होते हैं।
ये सच है डोली में बैठ…..
छूट जाता है जब घर इक बार ,
वापस आना मुश्किल होता।
रोज़ी रोटी और तबादले के चक्कर में,
मात पिता से दूर मन व्यथित होता।
अपने कमरे की दीवारों पर टँगे कपड़े,
मेज़ पर बिखरी किताबों को यादकर,
स्नेहिल भंवर में खोते हैं।
ये सच है डोली में बैठ…..
हर साँझ अब ना कोई दोस्त आता बुलाने,
ना माँ को अब कोई कहता नये व्यंजन बनाने।
बेटों के जाने के बाद भी घर कितना शांत हो जाता है,
विदा नहीं होते पर घर इनका भी छूट जाता है।
बचपन की शैतानियों को संजोकर,
माँ बाप भावों के मोती पिरोते हैं।
ये सच है डोली में बैठ
बेटे विदा नहीं होते हैं….
रीमा सिन्हा (लखनऊ)




