आलेख

बोली की छाप

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

सुल्तानपुर जनपद में सड़क उद्घाटन के अवसर पर प्रधानसेवक जी द्वारा दिये गये उद्बोधन के संबोधन में अवधी बोली की कुछ पंक्तियाँ सुनकर  उपस्थित जन समुदाय ने प्रसन्न भाव में करतल ध्वनि से आभार व्यक्त किया।

अगले दिन कुछ अखबारों ने इसे अवधी के स्थान पर भोजपुरी लिख दिया।यह टंकण की अशुद्धि हो सकती है।अखबारनवीस न तो हिंदी के भूगोल व इतिहास से परिचित हैं और न ही व्याकरण से।उनका वास्ता सिर्फ सत्ता की चौखट पर गिरी धूल को जीभ से चाटकर साफ करते हुये साहब के जूते में लगे फीतों की गांठें गिनकर अपना अखबार चलाना है।

उनके अवधी शब्द के स्थान पर भोजपुरी छाप देने पर अवधी के झंडाबरदारों ने आपत्ति उठायी है। अखबार की क्षमा प्रार्थना और शुद्धिकरण के पुनर्प्रकाशन तक के लिये युद्ध करने को तैयार लोगों से गुजारिश करते हुये कुछ विचार मैं भी साझा करना चाहता हूँ और साथ ही अनुरोध भी कि अवधी के उत्थान में आपके द्वारा की जा रही तपस्या अधिक उपादेय सिद्ध होगी न कि किसी राजनेता के मुंह से गिरे उच्छिष्ट को बीनने की होड़ और उसे अपनी झोली में डालने के लिये मीडिया से जारी युद्ध से।

अवधी बोली किसी बाप की बपौती नहीं है और न ही मोदी के मुखारविंद की मोहताज।प्रधानमंत्री के भाषण में संबोधन के दो शब्द अवधी में कह दिये जाने से इतनी आतुरता क्यों बरपी है?

क्या अपनी माँ को किसी प्रधानमंत्री द्वारा मां कहा जाना आवश्यक है?माँ और बाप भी अब प्रमाणपत्र के दायरे में होंगे?अखबारों की त्रुटियां होती ही रहती हैं। बिके हुये जमीर से हो रही पीत पत्रकारिता से लोकतंत्र की रखवाली की दुराशा पाले बुद्धिजीवियों से मेरा एक ही सवाल है-अर्धमागधी अपभ्रंश से लेकर आज की अवधी तक की यात्रा क्या किसी प्रधानमंत्री ने तय कराई है? हर भाषा औऱ हर बोली का संवाहक वह लोक ही है जिसके द्वारा निर्मित तंत्र पर आरूढ़ होकर देश का प्रधान तालियां बजवाता है।

अवधी विभाषा के बीजवपन से लेकर संवर्धन उन्नयन तक यदि किसी का योगदान है तो सिर्फ अवध क्षेत्र के उस लोक का है जिसके ओढ़ने बिछौने से लेकर खेत की पगडंडियों और खलिहानों तक यह बोली रच बस कर उनकी देह भाषा से लेकर प्राण भाषा तक होने की गवाही दे रही है।

 -अंजनीकुमार सिंह 

    अवध (उ. प्र.)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button