मध्यप्रदेश

भाजपा महिला आरक्षण और ओबीसी की समर्थक तो उमा भारती को करे पीएम पद का दावेदार घोषित: कांग्रेस

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

भोपाल : अखिल भारतीय ओबीसी महासभा की मुख्य संयोजक और कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता साधना भारती ने भाजपा में हो रही उमा भारती की उपेक्षा पर चिंता जताई है। उन्होंने भाजपा को महिला आरक्षण और ओबीसी विरोधी करार दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर वाकई में भाजपा महिला और ओबीसी आरक्षण समर्थक है तो उसे अपनी वरिष्ठ नेता उमा भारती को वर्ष 2024 के चुनाव में प्रधानमंत्री पद का दावेदार घोषित करना चाहिए। मध्य प्रदेश के चुनाव प्रचार अभियान पर निकली कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता साधना भारती ने आईएएनएस से चर्चा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती भाजपा की वरिष्ठ नेता रही हैं, केंद्र में मंत्री रही हैं, सांसद रही हैं, मगर आज उनका क्या हाल हो रहा है, किसी से छुपा नहीं है, उनके साथ भाजपा तड़ीपार जैसा व्यवहार कर रही हैं। आज उनकी भाजपा में उपेक्षा हो रही है, वो ओबीसी वर्ग की प्रतिनिधि हैं और महिला भी हैं। उनकी बात कोई सुनने को तैयार नहीं है। केंद्र सरकार के महिला आरक्षण विधेयक पर भी उन्होंने कहा है कि ओबीसी के उप आरक्षण की लड़ाई वे पहले भी लड़ती रही थी और अभी भी लड़ रही हैं।
साधना भारती ने आगे कहा कि अगर भाजपा वाकई में महिला आरक्षण की समर्थक है, ओबीसी आरक्षण की समर्थक है और उसमें माद्दा है तो वह वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए उमा भारती को प्रधानमंत्री पद का दावेदार घोषित करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह दोनों ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक की कठपुतली बने हुए हैं क्योंकि संघ महिला और ओबीसी आरक्षण का विरोधी है। कांग्रेस प्रवक्ता भारती ने मध्य प्रदेश के वर्तमान हालात पर चिंता जताई और महिलाओं के अलावा अनुसूचित जाति, जनजाति वर्ग पर बढ़ते अत्याचारों के लिए भाजपा की सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई दिन नहीं जाता है, जब मध्य प्रदेश के एक से ज्यादा हिस्से में महिलाओं पर अत्याचार न होते हो, आदिवासी उत्पीड़न का शिकार न होता हो और दलित को उपेक्षा का शिकार न होना होता हो। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान वादे तो बड़े-बड़े करते हैं मगर जमीनी हकीकत कुछ और है।
कांग्रेस प्रवक्ता का दावा है कि मध्य प्रदेश में भाजपा को बुरी तरह शिकस्त खानी पड़ेगी और कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने महात्मा गांधी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि एक गांधी ने अंग्रेजों के खिलाफ आजादी की लड़ाई लड़ी थी तो दूसरा गांधी शोषित, वंचित और कमजोर तबके की लड़ाई लड़ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button