कला-साहित्य

माँ लौट आओ

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

छलावा था मैं बहुत कुछ लिख सकती हूँ,

देखो न माँ आज तुम पर एक शब्द न लिख पा रही।

जानती हूँ तुम अब कभी वापस न आओगी,

पर तुम्हें शब्दों की कोई श्रद्धाजंलि न दे पा रही।

सब कहते हैं बहुत दूर हो तुम,पर मेरे तो पास हो,

बातें नहीं करती हो अब,पर मेरे लिए खास हो।

हाँ, खलता बहुत है तुम्हारा चुप हो जाना,

यूँ इस दुनियां से तुम्हारा गुम हो जाना,

शिकायत किसी से भी हो तुमसे ही तो कहती थी,

तुम समझाकर मेरा गुस्सा शांत करती थी।

अब न किसी से कोई शिकायत न नाराज़गी,

तुम्हारे जाने के बाद तुम्हारी बेटी बदल गयी।

छोटी सी बच्ची नहीं मैं पर तुम्हारे प्यारे

सम्बोधन को आज भी तरसती हूँ,

कभी व्यस्तता में जिस फोन को काट देती थी,

आज उस एक कॉल के लिए तड़पती हूँ।

माँ मैंने सिर्फ तुम्हें अपनी जरूरत समझा,

लगा जब भी चाहूँ मैं तुम्हारे क़रीब रहूँगी,

तुम्हारी बीमारी, जीर्ण काया का खयाल था मुझे,

पर तुम्हें खो देने का आभास न था,

हर बार तुम अपनी कमजोरी का जिक्र

दबे हुये शब्दों में किया करती थी,

दर्द बहुत था तुम्हें पर फिक्र न करो यह कहती थी।

माँ मायके में सभी हैं,उतना ही मान सम्मान है,

पर जाने क्यों तुम बिन सब सूना सा लगता है,

पापा मौन पड़े हैं सब कुछ उदास सा लगता है।

हँसना छोड़ा नहीं ,पर दिल हर पल रोता है माँ,

जागती हैं आँखे मेरी कौन अब सोता है माँ?

माँ लौट आओ तो वापस मेरा बचपन लौट आयेगा,

उम्र की रेखाओं को हराकर बुढापा कभी न आयेगा।

                   रीमा सिन्हा

              लखनऊ-उत्तर प्रदेश

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button