खेल

मोहम्मद कैफ : टी20 वर्ल्ड कप में शिखर धवन का रोहित के साथ पारी का आगाज करना सही रहेगा

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने बताया है कि क्यों टी20 वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा के साथ विराट कोहली को पारी का आगाज नहीं करना चाहिए। इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में विराट और रोहित पारी का आगाज करते नजर आए थे और यह एक्सपेरीमेंट टीम के लिए सही भी साबित हुआ था। इसके बाद से इस बात को लेकर लगातार चर्चा हो रही है कि क्या इस साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में भी ये दोनों साथ में पारी का आगाज करेंगे। कैफ की माने तो यह रणनीति सही नहीं रहेगी क्योंकि ओपनिंग पेयर के लिए लेफ्ट और राइट हैंड कॉम्बिनेशन बहुत जरूरी होता है। कैफ ने कहा कि शिखर धवन का रोहित के साथ पारी का आगाज करना सही रणनीति होगी। कैफ ने कहा कि श्रीलंका दौरे पर रन बनाकर शिखर धवन टीम इंडिया में अपनी जगह पक्की कर सकते हैं।

कैफ ने कहा कि अगर राइट और लेफ्ट हैंडर बल्लेबाजों का कॉम्बिनेशन क्रीज पर होता है, तो बल्लेबाजों के छोर बदलते ही विरोधी कप्तान को फील्ड की सजावट बदलनी होती है और विरोधी गेंदबाज को अपनी गेंदबाजी की दिशा में बदलाव करना होता है। कैफ ने कहा कि अगर धवन नहीं होते हैं, तो ऐसे में पृथ्वी शॉ या केएल राहुल पर दांव लगाया जा सकता है। कैफ के मुताबिक विराट कोहली का नंबर-3 पर बल्लेबाजी करना ही भारत के लिए सही रहेगा। कैफ का मानना है कि रोहित और विराट टीम इंडिया के बैटिंग ऑर्डर की जान हैं और अगर इन दोनों का विकेट जल्द गिर जाता है, तो ऐसे में पूरी टीम दबाव में आ सकती है।

टी20 वर्ल्ड कप इस साल 17 अक्टूबर से 14 नवंबर के बीच युनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) और ओमान में खेला जाना है। टीम इंडिया को वर्ल्ड कप से पहले महज एक टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेलनी है, जो कि श्रीलंका के खिलाफ होनी है। इसके बाद भारतीय टीम के खिलाड़ी आईपीएल 2021 के फेज-2 में हिस्सा लेंगे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button