कला-साहित्य

यह दिल भी….

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

टीवी में बताया गया कि लंदन में एक महिला अपनी सारी संपत्ति बिल्ली के नाम करके मर गई। यह खबर मेरी बिल्ली तक पहुँच गई। मैं उसे कैसे समझाता कि यह खबर लंदन की है, जहाँ गरीब कम अमीर ज्यादा रहते हैं। हमारे यहाँ इसका उल्टा है। वहाँ बिल्लियों को शौक से पालते हैं और हम घर से चूहे खत्म करने के लिए। फिर भी वह बहस पर उतारू थी। मैं कुछ कहता वह मुझ पर बरस पड़ी।

बिल्ली – मैं बहुत दिनों से एक बात कहना चाहती हूँ कि मुझे डॉगी के साथ क्यों पाला जा रहा है? आप कहीं नाराज न हो जाएँ इसलिए मैं समझौता करके चुपचाप यहाँ पड़ी हूँ। आपको पता भी है कि हमारी डॉगी के साथ नहीं जमती। मेरा भी मन करता है कि डॉगी के साथ बैर रखूँ।

उसे मेरे पीछे दौड़ाऊँ। नहीं, आपके सिर पर तो पालतू जानवरों को पालने का भूत सवार है। उतना ही भूत सवार है तो सामने वाले शर्मा अंकल से गले मिलिए। उनसे तो आपका छत्तीस का आंकड़ा है। उनसे बात करना तो दूर कोई उनका नाम ले ले तो आप भड़क जाते हैं। आप तो हँसी-खुशी, गुस्सा-प्यार सब कुछ दिखा सकते हैं। हमारे तक आते-आते यह भेद-भाव क्यों?

मैं – तुम इतनी नाराज़ क्यों होती हो? देखती नहीं जो भी घर आता है सब तुम्हारी ही तारीफ करता है। सो क्यूट, सो ब्यूटीफूल न जाने क्या-क्या कहता है। क्या तुम इन सबसे खुश नहीं हो?

बिल्ली – आप क्या जानें एक बिल्ली का दिल क्या चाहता है? न आपको मेरे पेट की फिक्र है न मेरे भावनाओं की। ऊपर से मुझे हर समय दुख पहुँचाने वाला काम करते हैं। मैं जानवर हूँ। इंसान नहीं। दुख पहुँचाना मेरी फितरत नहीं है।

मैं – अरे! तुम इतनी उखड़ी-उखड़ी बातें क्यों कर रही हो? तुम्हें पता है हम घरवाले तुम्हें कितना प्यार करते हैं। हम अपनी फोटो सोशल मीडिया पर भले न डालें, तुम्हारी जरूर डालते हैं। तुम्हारे अलग-अलग मूड को नोटिस करते हैं और उस तरह का स्टेटस भी रखते हैं। इससे ज्यााद तुम्हें और क्या चाहिए?

बिल्ली – ऐसा करके क्या आप मुझ पर एहसान करते हैं? वह तो आप लोगों को कोई पूछता नहीं है। इसीलिए मेरे साथ फोटो खिंचवाकर बेतहाशा लाइक, कमेंट और शेयर पाते हैं।

मैं – अरे! तुम बेवजह नाराज क्यों होती हो? मैं तुम्हें अच्छा-अच्छा खिलाता हूँ। गोद मैं झूला झुलाता हूँ। कार में सैर पर ले जाता हूँ। क्या यह कम है?

बिल्ली – क्या खिलाते हैं आप मुझे? दही-चावल! आप शाकाहारी हैं इसका मतलब यह नहीं कि मैं भी शाकाहारी हूँ। मैं मांसाहारी हूँ मांसाहारी! कभी माँस खिलाया है? चलो पेट का न सही। कभी मेरे दिल का ख्याल तो कर लिया होता। शर्मा जी के घर में काला बिल्ला है। उस पर मेरा दिल आ गया है। कभी मिलाने की कोशिश की। नहीं, उल्टे शर्मा अंकल से दुश्मनी पाल बैठे हैं।

क्या मैं इस डॉगी के साथ इश्क लड़ाऊँ? उस दिन अपनी बिटिया के लिए रिश्ता देखने जा रहे थे उधर से शर्मा जी अपने काले बिल्ले के साथ कहीं जा रहे थे। आपने उस दिन शर्मा अंकल के बहाने मेरे चहेते बिल्ले को खूब खरी खोटी सनाई। ‘मनहूस’, ‘खराब’, ‘सत्यानाश हो उसका’ न जाने क्या-क्या कहा। उस दिन बाहर गए भी नहीं। आपको मैं कैसे बताऊँ मैं जिस दिन भी उस बिल्ले को न देखूँ मेंरा दिन फीका-फीका गुजरता है। क्या मिलता है आपको मेरी भावनाओं के साथ खेलकर?

डॉ. सुरेश कुमार मिश्रा ‘उरतृप्

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Check Also
Close
Back to top button