यह पवित्र व्रत रखने से घर में सुख-समृद्धि और शांति का होता है आगमन

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
आषाढ़ मास में कृष्ण पक्ष की एकादशी को योगिनी एकादशी का पावन व्रत रखा जाता है। इस दिन भगवान श्री हरि विष्णु की उपासना की जाती है। मान्यता है कि इस व्रत के प्रभाव से संपूर्ण पाप नष्ट हो जाते हैं और पीपल वृक्ष को काटने जैसे पाप तक से मुक्ति मिल जाती है। इस व्रत का पालन करने से किसी के दिए हुए श्राप का निवारण हो जाता है। यह एकादशी देह की समस्त व्याधियों को नष्ट करने वाली है। इस व्रत के प्रभाव से सुख-समृद्धि और शांति का घर में आगमन होता है। मान्यता है कि जो लोग किसी भी रोग से पीड़ित हैं वह इस एकादशी को श्री हरि भगवान विष्णु की उपासना के साथ सुंदरकांड का भी पाठ करें।
योगिनी एकादशी का व्रत 88 हजार ब्राह्मणों को भोजन कराने के बराबर फल देने वाला माना जाता है। इस व्रत में दान करना कल्याणकारी है। इस व्रत में पीपल के पेड़ की पूजा करें। रात्रि में भगवान का जागरण करें। किसी भी प्रकार की द्वेष भावना या क्रोध मन में न लाएं। द्वादशी तिथि को ब्राह्मण को भोजन कराने के बाद स्वयं भोजन ग्रहण करें। इस व्रत में माता पार्वती की पूजा करना भी शुभ माना गया है। भगवान श्री हरि विष्णु को पीले फूल, पीले वस्त्र, पीली मिठाई, अक्षत तथा पंचामृत अर्पित करना फलदायक माना जाता है। श्राप से मुक्ति पाने के लिए यह व्रत कल्पतरु के समान माना जाता है। इस व्रत के प्रभाव से चर्म रोग से मुक्ति मिलती है। इस एकादशी को जल और अन्न दान का बहुत महत्व है। इस व्रत में भगवान श्री हरि विष्णु के लक्ष्मी नारायण रूप की आराधना करें। योगिनी एकादशी उपवास की शुरुआत दशमी तिथि की रात्रि से हो जाती है। इस व्रत में तामसिक भोजन का त्याग कर ब्रह्मचर्य का पालन करें। जमीन पर शयन करें। इस व्रत में कथा अवश्य सुननी चाहिए।




