राखी एकसूत्रता का सांस्कृतिक पर्व

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
राखी के बारे में बहुत सी प्रचलित कथाएं हैं, जिससे यह साबित होता है कि भारत देश के लोग कितने महान उसूलों वाले एवं मानवीय संवेदनाओं वाले थे। जिनकी देखा-देखी ये परम्परा आज तक कायम है। राखी सामाजिक, परिवारिक एकबद्धता, एवं एकसूत्रता का सांस्कृतिक पर्व है। सदियों से चला आ रहा यह पर्व नारी सम्मान एवं सुरक्षा पर केन्द्रित है।
प्रत्येक श्रावण मास की पूर्णिमा के दिन बहनें भाई के दाहिने हाथ की कलाई पर धागा बांध कर एवं मस्तक पर तिलक लगा कर भाई की दीर्घायु की प्रार्थना करती है एवं भाई बहन की रक्षा का वचन देते हैं। इसे श्रावणी या ब्रूनो भी कहा जाता है। यह रंग-बिरंगे धागे भाई-बहन के प्यार को और मजबूत करते हैं एवं दुःख-सुख में साथ रहने का विश्वास दिलाते हैं।
राखी ऐसा त्योहार है जो मुख्यत हिन्दुओं में प्रचलित है, रक्षाबंधन का इतिहास हिन्दू पुराण कथाओं में भी मिलता है।
लेकिन निश्चित तौर पर ये नहीं कहा जा सकता कि राखी का त्योहार कब शुरू हुआ।
कहते हैं जब देव और दानवों में युद्ध हुआ तो दानव हावी होते नज़र आ रहे थे जिससे इन्द्र परेशान हो कर बृहस्पति देव के पास गए। इन्द्र की व्यथा उनकी पत्नी इंद्राणी ने समझ ली और रेशम का एक धागा ले उसे मन्त्रों की शक्ति से पवित्र करके इन्द्र के हाथ पर बांध दिया उस दिन भी श्रावण मास की पूर्णिमा का दिन था, एवं इसी धागे की मंत्रशक्ति से इन्द्र की विजय हुई।
जब राजा बलि ने यज्ञ सम्पन्न कर स्वर्ग पर अधिकार किया तो देवराज इन्द्र भगवान् विष्णु के पास गए, और भगवान् श्री हरि ने वामन-अवतार लेकर ब्राह्मण के रूप में राजा बलि से भिक्षा मांगने पहुंचे। राजा बलि ने अपने गुरू के मना करने पर भी श्री हरि को दान में तीन पग भूमि दे दी। तब श्री हरि ने तीन पग में आकाश, पाताल और धरती नाप कर बलि को रसातल में भेज दिया। मगर राजा बलि ने भी अपनी भक्ति से भगवान् विष्णु को प्रसन्न कर सदा अपने सामने रहने का वचन ले लिया, उधर लक्ष्मी जी चिंतित थी, तब उन्होंने राजा बलि को श्रावण मास की पूर्णिमा के दिन राखी बांधकर भाई बना लिया और विष्णु जी को अपने साथ ले गईं।
इतिहास में भी राखी के अनेकों उल्लेख मिलते हैं।
मेवाड़ की महारानी कर्मावती ने राजा हुमायूं को राखी भेजकर रक्षा-याचना की, हुमायूं ने मुसलमान होते हुए भी राखी की लाज रखी।
सिकंदर की पत्नी ने एक अपने पति के शत्रु पुरू को राखी बांध कर भाई बनाया और अपने पति को ना मारने का वचन लिया।
महाभारत में भी राखी का उल्लेख मिलता है, जब शिशुपाल का वध करते हुए श्री कृष्ण की तर्जनी उंगली कट जाती है तो द्रोपदी अपनी साड़ी फाड़कर उनकी उंगली पर बांध देती है तब भी श्रावण मास की पूर्णिमा का ही दिन था, तब श्री कृष्ण ने चीर हरण के समय चीर बढ़ा कर कर्ज चुकाया था, एवं जब धर्मराज युधिष्ठिर श्री कृष्ण से पूछते हैं कि वो सभ संकटों को कैसे पार करें तब श्री कृष्ण उन्हें एवं उनकी सेना को राखी का त्योहार मनाने की सलाह देते हैं।
महाराष्ट्र में इसे नारली पुर्णिमा के नाम से जाना जाता है। लोग समुद्र में वरूण राजा को नारियल दान करते हैं, नारियल की तीन ऑंखों को भगवान शिव की तीन ऑंखें माना जाता है। दक्षिण भारत मे इसे अवनी अविट्टम के नाम से जाना जाता है।
मगर आज कुछ ऐसे भाई भी है जिनके हाथों को राखी नसीब नहीं क्योंकि उनके माता-पिता ने उनकी बहनो को इस दुनियां में आने ही नहीं दिया। बेहद शर्मनाक बत है कि जिस देश में कन्या- पूजन होता है उसी देश में कन्या-भ्रुण हत्या होती है।
राखी का त्योहार हमें बहनों की अहमियत समझाता है। सभी बहनों और भाईयों को एक-दूसरे के प्रति प्रेम और कर्तव्य का पालन करते हुए और रक्षा का दायित्व लेकर शुभकामनाओं के साथ इस पवित्र त्योहार को मनाना चाहिए।
प्रेम बजाज ©®
जगाधरी (यमुनानगर)




