राजस्थानः बर्खास्त मंत्री राजेंद्र गुढ़ा के घर पहुंची पुलिस, पॉक्सो केस की चल रही है जांच

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर : राजस्थान में बर्खास्त किए गए मंत्री राजेंद्र गुढ़ा के सरकारी बंगले पर पुलिस ने दबिश दी। जानकारी के मुताबिक जिस समय राजस्थान पुलिस राजेंद्र गुढ़ा के आवास पर पहुंची तब वह वहां पर नहीं थे। इसके बाद पुलिस ने बंगले के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और वहां मौजूद स्टाफ से पूछताछ करने के बाद पुलिस की टीम वापस लौट गई। जोधपुर पुलिस जिले के ग्रामीण क्षेत्र के पीपाड़ थाने में दर्ज एक पॉक्सो मामले में जांच करने के लिए राजेंद्र गुढ़ा के सरकारी आवास पर पहुंची थी।
बता दें कि, दो जुलाई को पीपाड़ थाने में नाबालिक से दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था। पूछताछ में पता चला था कि राजेंद्र गूढ़ा के सरकारी बंगले के गार्ड रूम में उस लड़की को रखा गया था। पुलिस इस मामले में एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। इसी केस की जांच के सिलसिले में पुलिस राजेंद्र गुढ़ा के बंगले पर पहुंची। जोधपुर डीसीपी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि बीकानेर से दो आरोपी पॉक्सो एक्ट में पकड़े गए थे। हमें पता चला था कि एक घटनास्थल जयपुर का है, ऐसा पता चला है कि पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने एक अस्थाई रैन बसेरा बनाया था, वही घटनास्थल है।
अभी यह प्रारंभिक जानकारी है, जांच के बाद ही यह बातें स्प्ष्ट होंगी। राजेंद्र गुढ़ा लाल डायरी को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। उन्होंने बुधवार को इस डायरी के कुछ पन्ने सार्वजनिक भी किए थे। उन्होंने दावा किया कि इन पन्नों में कुछ कांग्रेस नेताओं के दो नंबर के लेनदेन का विवरण है और उन्होंने इनके हवाले से राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) के चुनाव में भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पिछले सप्ताह गुढ़ा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि ऐसी कोई लाल डायरी मौजूद नहीं है और यह कपोल कल्पित है।
गुढ़ा ने बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि तीन पन्नों में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत और आरसीए सचिव भवानी समोता और अन्य के बीच वित्तीय लेनदेन का विवरण है। वैभव गहलोत वर्तमान में आरसीए के अध्यक्ष हैं। गुढ़ा ने आरोप लगाया, मैं तथ्यों के आधार पर बोल रहा हूं कि आरसीए चुनाव में वोट खरीदे गए। कथित डायरी के एक पन्ने में यह आरोप लगाया गया है कि भवानी सामोता लोगों का पैसा नहीं दे रहे हैं और उन्होंने ज्यादातर लोगों से किया हुआ वादा पूरा नहीं किया। गुढ़ा ने कहा कि डायरी की लिखावट का मिलान अशोक गहलोत के करीबी राठौड़ की लिखावट से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि डायरी के कुछ पन्ने गायब हैं, लेकिन जो पन्ने उनके पास हैं, उन्हें वह जारी करेंगे।



