लव-कुश जयंती के बोर्ड को लेकर क्षत्रिय-कुशवाहा समाज में विवाद

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
आगरा। जिले के थाना इरादा नगर क्षेत्र के गांव घड़ी गुलाबी में लव-कुश जयंती के आयोजन को लेकर लगाए गए बोर्ड पर कुछ लोगों ने पेंट कर दिया। क्षत्रिय समाज के लोगों का आरोप है कि कुशवाहा समाज के लोगों ने कुशवाहा के साथ-साथ बोर्ड पर क्षत्रिय भी लिखा है, यह सरासर गलत है। इसको लेकर दोनों ही समाज के लोग आमने-सामने आ गए।
जिसके बाद क्षत्रिय समाज के लोगों ने क्षत्रिय शब्द पर पेंट लगाकर उसे मिटा दिया। मामला तूल ने पकड़े इसको देखते हुए थाना इरादत नगर प्रभारी ने दोनों ही पक्षों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए फिलहाल मामले को शांत कर दिया है। थाना इरादत नगर क्षेत्र के गांव घड़ी गुलाबी में कुशवाहा समाज के लोगों ने एक तरफ राजा मानसिंह तो दूसरी तरफ लव कुश जयंती के आयोजन का बोर्ड लगाया था।
क्षत्रिय समाज का आरोप है कि बोर्ड पर उन्होंने कुशवाहा के साथ-साथ क्षत्रिय भी लिखा है, जो सरासर गलत है। वहीं कुशवाहा समाज के लोगों का आरोप है कि क्षत्रिय समाज के युवाओं ने बोर्ड पर लिखा क्षत्रियों को पेंट से मिटा दिया है। इसके चलते उन्होंने थाना इरादत नगर में दबंग के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। वहीं सोशल मीडिया पर किसी ने दोनों ही पक्षों की कहासुनी का वीडियो वायरल कर दिया। थाना प्रभारी राकेश यादव ने दोनों ही पक्षों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है। कहा है कि किसी भी हाल में शांति व्यवस्था को नहीं बिगड़ने दिया जाएगा।




