वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक आयोजित की गयी

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
11 बिन्दुओ पर विचार विमर्श करके सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर दिया।
आजमगढ़ : जिलाधिकारी श्री विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में चीनी मिल सठियांव के अतिथि गृह के पास प्रांगण में वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक आयोजित की गयी। जिलाधिकारी द्वारा चीनी मिल के डेलिगेट के साथ बैठक कर 11 बिन्दुओ पर विचार विमर्श करके सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस बैठक में महत्वपूर्ण फैसले लिए गया, ताकि किसानों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके। इसके अलावा जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि नई प्रजातियों के गन्ने की बुआई करें, ताकि चीनी मिल के हित में रहे। जिलाधिकारी ने चीनी मिल में गन्ना आपूर्ति करने वाली सड़कों की मरम्मत कराने के सम्बन्ध में लोगों से जानकारी मांगी।
जीएम अनिल चतुर्वेदी ने 11 सूत्रीय एजेन्डा को पढ़कर सुनाया। उन्होने बताया कि चीनी मिल सठियांव की स्थापना सन् 1974 में की गई। प्रथम पेराई सत्र 1975-76 से शुरू हुआ, आगे चलकर पेराई सत्र 2007-8 मे बंद हो गया। पुनः सरकार के सहयोग से किसानों के हित में 2014-15 मे चीनी मिल को आधुनिक ढंग से बनाकर पहला पेराई सत्र 2015-16 से पुनः आरंभ हुआ। उन्होने बताया कि सन 1997 के बाद वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक अब 2023 मे हुई है।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2023-24 हेतु चीनी मिल संघ कार्यालय लखनऊ द्वारा स्वीकृत बजट का अनुमोदन किया गया। पेराई सत्र 2021-22 की बैलंस सीट के सम्बन्ध में सीए सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि चीनी मिल 1 अरब 19 करोड़ घाटे में है। जिसमें 72 करोड़ ब्याज का शामिल हैं। गन्ना सुरक्षण एवं अध्यरपण हेतु भेजे जाने वाले सुरक्षण का प्रस्ताव पारित किया गया।
मुख्य गन्ना अधिकारी त्रिलोकी सिंह ने कहा कि पिछले पेराई सत्र में गन्ना सर्वे कम था, जो वर्तमान में 2 हजार हेक्टेयर बढ़ा है। चीनी मिल समिति द्वारा बनाए गए नये सदस्यों के अनुमोदन पर विचार करते हुए प्रस्ताव पास कर दिया।
जिलाधिकारी ने नये सदस्य बढ़ाये जाने की संख्या के बारे में जानकारी लिया। जिस पर बताया गया कि दो सौ लोग बढ़े है। यह भी अवगत कराया गया कि पेराई सत्र 2023-24 के लिए चीनी मिल के रिपेयर/मरम्मत का कार्य 50 प्रतिशत पूरा हो गया है, जल्द ही अवशेष कार्य पूरा कर लिया जायेगा। शासन द्वारा अन्य कार्य योजनाओं जैसे पुस्तकालय गन्ना कृषक सहायता केन्द्र स्थापित करने का प्रस्ताव पास किया गया। जिलाधिकारी ने पुस्तकालय में पुस्तकों की संख्या बढ़ाने पर विशेष बल दिया।
जिलाधिकारी द्वारा पेराई सत्र 2023-24 में प्रतिनिधि एवं संचालक मण्डल के सदस्यों निर्वाचन हेतु क्षेत्र अवधारणा पर विचार कर दो संचालक मण्डल सदस्यों को घटाया गया। जिन कृषकों द्वारा विगत पांच वर्षों से गन्ना आपूर्ति नही किया गया है, ऐसे कृषकों की सदस्यता समाप्त करने पर चर्चा की गयी। जिसमें उनकी सदस्यता बनी रहेगी, लेकिन उन्हें मतदान करने का अधिकार नहीं होगा।
अन्त में जिलाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष सभी किसानों का गन्ना बकाया का भुगतान कर दिया गया है। उन्होने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि आगे भी किसानों के भुगतान मे किसी भी प्रकार का विलम्ब या असुविधा न होने पाए। उन्होने किसानों से विशेष आग्रह करते हुए कहा कि किसान गन्ना बुआई नई प्रजातियों का उत्पादन करके चीनी मिल में रिकवरी बढाएं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन क्षेत्रों में गन्ना आपूर्ति करने वाली सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई है, उसकी सूची जीएम व जिला गन्ना अधिकारी को उपलब्ध कराया जाए, ताकि लोक निर्माण विभाग को सड़क मरम्मत का आदेश दिया जा सके।
इस अवसर पर जीएम अनिल चतुर्वेदी, जिला गन्ना अधिकारी अशर्फी लाल, पूर्व उप सभापति पराग यादव, आनन्द उपाध्याय, यशवन्त सिंह, रामदरश यादव, बिरेन्दर सिंह, सुरेश यादव, सुबास यादव, अजय सिंह, चन्द्रकेश यादव, राम अवध यादव, मुख्य गन्ना अधिकारी त्रिलोकी सिंह, मुख्य लेखाकार सुरेन्द्र कुमार, उप प्रबंधक राहुलकांत यादव, बीके यादव, अशोक कुमार, आदि लोग मौजूद रहे।




