
युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
स्कूली शिक्षा पूर्ण कर जब विश्वविद्यलय जा रहे थे तब विदाई समारोह से आंखें नम हुई थी लेकिन उच्च शिक्षा प्राप्त करने जाने की खुशी भी थी।जब विश्वविद्यालय की पढ़ाई पूरी हो गई तब फिर विदाई समारोह हुआ। अबकी बार कॉलेज की स्वतंत्रता वाली जिंदगी खत्म हो रही थी इसका दुःख था लेकिन सफलतापूर्वक उच्च शिक्षा प्राप्त कर ली इसका संतोष और थोड़ा बहुत गर्व भी हुआ। फिर नौकरी और संग-संग शादी।शादी में भी विदाई हुई। पिता के घर से पति के घर के लिये।पिता का घर छूटने का दुःख और पति के घर का सुख। तो कबका बराबर हो गया।हां यह दिगर बात है कभी – कभी बेटियों की तरह बेटे भी बहुओं के साथ विदा होते हैं। नौकरी खत्म तो ऑफिस से विदाई। कितनी सारी विदाई एक इंसान अपने जीवन में देखता है। इन सभी विदाई के साथ दुख से ज्यादा खुशी थी। जहां अपनों से बिछड़ने का दुख था वहीं भविष्य में फिर किसी मोड़ पर मिलेंगे यह भी एक वादा था उसमें।अब तो कोरोना के कारण ऐसी विदाई हो रही है कि साथी लोग भविष्य में कभी ना मिलने का वादा करके जा रहें हैं।हे,ईश्वर हमें यह विदाई मंजूर नहीं।समय पूर्व ऐसी विदाई को हम स्विकार नहीं करते।हे, भगवान तेरे दरबार में कहां कमी थी जो तुमने हमसे हमारे साथियों को ले लिया।तू इतना ही नहीं रुका किसी की मां किसी कि बेटी किसी की बहन किसी का पिता,भाई,बेटा,दामाद,बहु और बच्चा तक नहीं छोड़ा ।अब तो रहम करो ईश्वर।सारी प्रार्थना,पूजा,भक्ति की शक्ति क्या सबकी विदाई हो गई।हे, प्रभु अपना एकाउंट अच्छे से जांच लो,कहीं तुमसे भी इंसानों की गणना (कैलकुलेशन )करते समय कोई भूल तो नहीं हो गई।कहते हैं जो जाता है वह वापस नहीं आता है। अब जो बचें हैं उन्हें बख्श दो। कोई भूल हो गई हो तो हमें माफ कर दो। हमारे हृदय साफ कर दो।जाते तो सभी हैं, एक दिन।लेकिन हमारे साथियों की तरह कोई नहीं जाता।यह हमारे साथियों की वादा खिलाफी है। अब कोई परिवार और दोस्तों से वादाखिलाफी करे तो उसे आने मत देना प्रभु। यह प्रार्थना पत्र है जरा सम्हाल कर रखना। हे, प्रभु तेरे नमक के कर्ज को फर्ज या रिश्वत समझ हम मनुष्य अपने आँसुओं से चुका रहे हैं।हम धरती मां के आंचल को आंसुओं से भिगा रहे हैं। हमारे आंसू क्या व्यर्थ जा रहें है। अरे ,प्रभु हमसे तो हमारे बिछड़ते ही जा रहे हैं।हे, प्रभु हिंदी में समझो तो स्मरण पत्र है और अंग्रेजी में समझो तो रिमाइंडर है। हे,प्रभु तुम कौन सी भाषा जानते हो। ना बातों की और ना आँसुओं की। लगता है गिनती के साथ ही सब कुछ भूल गए हो। फिर से स्मरण पत्र भेज रही हूं। अब कोई इंसानी विदाई इस धरती से नहीं होगी। यह मत भूल जाना। यह मत भूल जाना।
श्रीमती रमा निगम साहित्यकार भोपाल म.प्र
मोबाइल नंबर + 91 9425019796
ई मेल- nigam.ramanigam@gmail.com




