विद्यापीठ के डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी को मिला भारत माता अभिनंदन सम्मान

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
उदयपुर : भिवानी हरियाणा के भारतमाता अभिनंदन संगठन द्वारा जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ (डीम्ड टू बी विश्वविद्यालय) के डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी को उनके द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर की गई सृजनशीलता व शैक्षणिक कार्यों के फलस्वरूप समाजोत्थान हेतु भारत माता अभिनंदन सम्मान 2023 से अलंकृत किया गया है। यह सम्मान उन्हें संगठन के संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष पुरुषोत्तम दास व सरंक्षक अशोक गोयल द्वारा एक ऑनलाइन कार्यक्रम में प्रदान किया गया।
संगठन द्वारा प्रति वर्ष 11 सितंबर को भारत माता अभिनंदन दिवस बड़े पैमाने पर मनाया जाता है। कार्यक्रम संयोजक डॉ. दीपिका सुतोदिया ने कहा कि डॉ. छतलानी का सृजन उत्तम श्रेणी का है। कुलपति कर्नल प्रो. एस.एस. सारंगदेवोत ने छतलानी को बधाई देते हुए कहा कि अपने कार्यों में सतत गतिशील रह कर समाजिक क्षेत्र में उच्च कोटि के कार्यों को करना राष्ट्र विकास हेतु एक महत्वपूर्ण कड़ी है। डॉ. छतलानी ने इस वर्ष दो पुस्तकें और दस मोनोग्राफ लिखे हैं और वे अब हिंदी में तकनीकी विषयों के लेखन का कार्य भी कर रहे हैं।




