शाइन सिटी फर्जीवाड़े में एक और गिरफ्तार

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
वाराणसी। लखनऊ की ईओडब्ल्यू की टीम ने वाराणसी के कैंट थाने में नामजद शाइन सिटी के एजेंट आशीष कुमार को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया। उसे वाराणसी लाया गया है। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। लखनऊ ईओडब्ल्यू की ओर से वाराणसी में दर्ज मुकदमों की विवेचना के क्रम में यह गिरफ्तारी की गई है।
प्रयागराज के दारागंज के अलोपी बाग निवासी आशीष कुमार शाइन सिटी कंपनी का एजेंट है। उसने वाराणसी व अन्य शहरों के कई निवेशकों को स्कीम बताकर लाखों रुपये निवेश कराये थे। आशीष कुमार पर कैंट थाने में साल 2019 में धोखाधड़ी के तीन मामले दर्ज हैं। जबकि सिगरा थाने में इसके खिलाफ एक मुकदमा दर्ज है। कंपनी का दफ्तर बंद होने के बाद वह फरार हो गया। प्रकरण में आशीष के अलावा कंपनी के सीएमडी प्रयागराज के करौली निवासी राशिद नसीम और एमडी आसिफ नसीम समेत कई अन्य नामजद हैं। बता दें कि इसके पहले बीते शुक्रवार को जैतपुरा पुलिस ने कंपनी के उप प्रबंधक तारिक को गिरफ्तार किया था।




