शेयर बाजार में दिखा उतार-चढ़ाव, हरे निशान के साथ हुई शुरुआत

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली : शेयर बाजार में आज काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में बाजार की शुरुआत हरे निशान के साथ हुई। बीएसई का 30 स्टॉक्स पर आधारित प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 130 अंकों की बढ़त के साथ 58918 के स्तर पर खुला तो निफ्टी ने 17590 के स्तर से आज दिन के कारोबार की शुरुआत की ।
बाजार खुलने के चंद मिनट बाद ही सेंसेक्स और निफ्टी दबाव में आ गए। निफ्टी गिरकर 17480 तक आ गया तो सेंसेक्स 58,475.97 के स्तर पर। इसके बाद बाजार ने गियर बदला और 9:33 बजे सेंसेक्स 91 अंकों की बढ़त के साथ 58879 के स्तर पर आ गया। निफ्टी भी 27.55 अंकों की तेजी केसाथ 17,587.75 के स्तर पर पहुंच गया।
शुरुआती कारोबार में निफ्टी टॉप गेनर में ओएनजीसी, टाटा स्टील, हिन्डाल्को, जेएसडब्ल्यू स्टील और इंडसइंड बैंक जैसे स्टॉक थे तो टॉप लूजर में हीरो माटर्स, टाटा कंज्यूमर, आयशर मोटर्स, बजाज ऑटो और रिलायंस इंडस्ट्रीज।
बीएसई सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 770 का गोता लगाकर 59,000 अंक के नीचे बंद हुआ। आईटी और वित्तीय शेयरों में मुनाफावसूली के बीच कारोबार के अंतिम समय में बिकवाली दबाव बढ़ने से यह गिरावट आई। कारोबारियों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी जारी रहने से भी कारोबारी धारणा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बुधवार को 183.60 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 770.31 अंक यानी 1.29 प्रतिशत टूटकर 58,788.02 अंक पर बंद हुआ। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 219.80 अंक यानी 1.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,560.20 अंक पर बंद हुआ।




