सब नौटंकी है

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
आपको शर्म नहीं आती इतनी अश्लील फिल्में बनाते हुए। हिरोइन के बदन पर कपड़े के नाम पर चिथड़ा छोड़ रखा था। ऐसी फिल्में देखेगी तो आज की पीढ़ीं पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा, सोचा है कभी आपने? – महिला मोर्चा की अध्यक्षा ने निर्माता को आड़े हाथों लेते हुए कहा।
देखिए मैडम हम सोचने-समझने के लिए यहाँ नहीं बैठे हैं। जब जमाना बिना सोचे-समझे फिल्म देख रहा है, तो हमें बनाते सयम सोचने-समझने की क्या जरूरत। वैसे भी हमें शर्म क्यों आए? जब इससे पहले हमने कई साफ-सुथरी फिल्में बनाई थी, तब उसे देखने कोई नहीं आया। यहाँ तक कि आप भी तो देखने नहीं आईं। आई होती तो अब तक उन फिल्मों की तारीफ नहीं करती। – निर्माता ने कहा।
हमें क्या देखना है, क्या नहीं यह हमारी मर्जी है। आप कौन होते हैं हम पर अपनी मर्जी थोपने वाले। महिला मोर्चा की अध्यक्षा ने नहले पर दहला फेंका।
वही तो। हमें क्या बनाना है, क्या नहीं उसका निर्णय करने वाली आप कौन होती हैं? जब सेंसर बोर्ड ने ही हरी झंडी दे दी हैं, तो आप लोगों को क्या दिक्कत है? यहाँ मियाँ-बीवी सभी राजी हैं, बीच में आप जैसे काजियों की कोई जरूरत नहीं है। – निर्माता ने महिला मोर्चा अध्यक्षा पर पलटवार किया।
शर्म आनी चाहिए आपको। आप खुद एक जवान बेटी के बाप हैं। ऐसी फिल्में का आपकी बेटी पर क्या असर पड़ता होगा, सोचा है कभी इसके बारे में? – अध्यक्षा ने निर्माता पर निजी हमला बोल दिया।
बेटी से पूछकर ही फिल्म बनाई है। उसी ने आज की पसंद-नापसंद के बारे में मुझे बताया। तब कहीं जाकर यह आइडिया मिला। नहीं तो मेरा बस चलता तो वही घसी पिटी फिल्में निकालकर दिवालिया हो लिया होता। वह तो शुक्र मनाओ कि बेटी ने मुझे बचा लिया।
तुम बाप-बेटी का कैरेक्टर ही खराब है। सभ्य समाज में कोई ऐसी फिल्म बनाता है भला। हम तुम्हारे ऊपर केस कर देंगे। तुम पर अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाते हुए कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगवायेंगे। तुम्हें सदा के लिए जेल में चक्की पिसवायेंगे।
जाओ-जाओ मैडम! तुम्हारे जैसे लाख देखे ऐसी गीदड़ भभकियाँ देने वाले। ऐसी गीदड़ भभकियों से निर्माता-निर्देशक डरने लगे तो एक फिल्म भी नहीं बन सकती। आप जहाँ जाना चाहती हैं जाइए। जो करना चाहती हैं कीजिए। लेकिन यह फिल्म नहीं रुकेगी। इसी तरह जोर-शोर से पैसा कमाएगी। – निर्माता ने महिला मोर्चा अध्यक्षा को हल्के में लेते हुए कहा।
बहस समाप्त हो गई। निर्माता और महिला मोर्चा की अध्यक्षा गरमागरम बहस के बाद आपस में मीठी-मीठी बातें करने लगे। अध्यक्षा ने कहा – देखिए निर्माता जी आपने फिल्म को विवादास्पद बताने के लिए कहा। मैंने बता दिया। अब तो आपका खूब प्रचार-प्रसार हो गया। अच्छाइयों से ज्यादा बुराइयों को देखने वाले इस जमाने में इस तरह की पब्लिसिटी बहुत जरूरी होती है। मैंने अपना कहा पूरा किया। अब आप भी अपना वादा पूरा कीजिए।
निर्माता ने कहा – मैडम जी आप निश्चिंत रहिए। आपकी बेटी को हम अगली फिल्म में साइड हिरोइन का रोल दे रहे हैं। बस आप और आपका मोर्चा हमें इसी तरह लाइमलाइट में बनाए रखे। आप हमें जितना नेगेटिव बतायेंगी हम उतना ही कलेक्शन करते जायेंगे। बस लोगों के सामने आप मारने का नाटक ईमानदारी से कीजिए और हम रोने की नौटंकी में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
इतना कहते हुए दोनों अपने रास्ते चलते बने।
डॉ. सुरेश कुमार मिश्रा ‘उरतृप्त’, मो. नं. 73 8657 8657



