समझौता कराने के नाम पर रुपये ठगने का आरोप

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
उरई/जालौन। मामले में समझौता कराने के नाम पर एक व्यक्ति ने 40 हजार रुपये ले लिए। अब न तो वह समझौता करा रहा है और न ही रुपये वापस कर रहा है। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर रुपये वापस दिलाने की गुहार लगाई है। क्षेत्र के मोहल्ला दलालनपुरा निवासी सरिता ने पुलिस को बताया कि वह पति के साथ काम धंधे के लिए गुड़गांव में रहती थी। वहां कुछ दबंगों ने उसके परिवार के साथ झगड़ा करके उल्टा उस पर ही केस दर्ज करा दिया। उक्त मामले में परेशान होने पर वह पति समेत पैतृक मकान में आकर रहने लगी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उसे बताया कि वह उनका समझौता करा देगा और केस भी खत्म करा देगा। बार-बार तारीखों पर आने जाने से परेशान होकर उसने उक्त व्यक्ति को किसी तरह 40 हजार रुपये इकट्ठे करके दे दिए। इसके बाद वह न तो समझौता करा रहा है और न ही उसके रुपये वापस कर रहा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।




