कला-साहित्य
समसामयिक गीत
युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
गीत प्यार के कैसे गाऊं,मौसम है बारूदी !
खुशियां तो हर रोज़ सिसकती,हर ग़म है बारूदी !!
अविश्वास पल रहा दिनोंदिन,
दिखता वहम,चरम पर
अधिकारों का दुरुपयोग है,
दुनिया बैठी बम पर
किससे बोलें,किसे सुनाएं,हाक़िम है बारूदी !
खुशियां तो हर रोज़ सिसकती,हर ग़म है बारूदी !!
चहरों से मुस्कानें गायब,
हर इक है आतंकी
पूरब,पश्चिम,उत्तर,दक्षिण,
हर इक करता मन की
सभी जगह नकलीपन बिखरा,मातम है बारूदी !
खुशियां तो हर रोज़ सिसकती,हर ग़म है बारूदी !!
सारा तंत्र हुआ बेढंगा,
हैं बदमाश हवाएं
अंतर्मन में व्देष पल रहा,
कपटी हुई फिज़ाएं
मंत्री,प्यादा,सैनिक,राजा,बेग़म है बारूदी !
खुशियां तो हर रोज़ सिसकती,हर ग़म है बारूदी !!
–प्रो. (डॉ.) शरद नारायण खरे




