सलमान बट : पुजारा को रिप्लेस नहीं कर सकते हैं पृथ्वी शॉ

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और सलामी बल्लेबाज सलमान बट ने ऑस्ट्रलिया के पूर्व स्पिनर ब्रैड हॉग की उस बात पर असहमति जताई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि युवा पृथ्वी शॉ टेस्ट स्पेशलिस्ट चेतेश्वर पुजारा को नंबर तीन पर रिप्लेस कर सकते हैं। बट ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों की बल्लेबाजी करने की शैली बिल्कुल अलग है। बट के मुताबिक, भारत को किसी ऐसे खिलाड़ी की तलाश करनी होगी, जिसका डिफेंस काफी शानदार हो।
बट ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि, ‘चेतेश्वर पुजारा और पृथ्वी शॉ का स्टाइल एकदम अलग है। जहां एक खिलाड़ी स्ट्रोक प्लेयर है, वहीं दूसरे का डिफेंस काफी मजबूत है, खासकर नई गेंद के खिलाफ। पृथ्वी शॉ की टैक्नीक ऐसी है कि वह अपने स्ट्रोक्स को खुलकर खेलते हैं और हर तरह के शॉट लगाते हैं। जब आप टेस्ट क्रिकेट में बहुत जल्दी ज्यादा शॉट खेलते हैं, तो कई बार आपको संघर्ष करना पड़ता हैं। शॉ अपार प्रतिभा के धनी हैं और दूसरों को हैरान करने के लिए कुछ अच्छा सबके सामने ला सकते हैं। इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता है, लेकिन मुझे यकीन है भारत के पास बेहतर डिफेंसिव खिलाड़ी होने चाहिए, जो लंबी पारी खेल सकें।
बता दें कि डब्ल्यूटीसी के फाइनल में पुजारा फ्लॉप रहे और उन्होंने पहली इनिंग में आठ और दूसरी इंनिंग में 15 रन बनाए थे। उन्होंने डब्ल्यूटीसी के 18 मैचों में 28 की औसत से 841 रन बनाए थे। पुजारा के बल्ले से पिछला शतक जनवरी 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आया था। उनको लेकर ब्रैड हॉग ने कहा था कि, ‘अगर कोई पुजारा की जगह लेने के लिए उपयुक्त हैं तो वे पृथ्वी शॉ होंगे। मुझे लगता है कि वे वहां ओपनिंग से ज्यादा अनुकूल होंगे। पृथ्वी शॉ में काफी टैलेंट है और उनका लंबा भविष्य है।’




