आलेख

साड़ी: भारतीय संस्कृति की पहचान

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

परिधान से बढ़ता मान सम्मान

परिधान से हो व्यक्तित्व की पहचान

रूप सौंदर्य में चार चांद लगाती

साड़ी है भारतीय संस्कृति की शान

साड़ी पहनने की परंपरा भारत में पौराणिक काल से ही चली आ रही है। वैसे तो साड़ी को पहनावे के रूप में पहले अधिकतर हिंदू धर्म की महिलाएं ही पहनती थीं, परंतु वर्तमान समय में अनेक अन्य धर्मों की महिलाएं साड़ी पहनती हैं एवं गर्व का अनुभव करती हैं। इसमें दो राय नहीं कि विश्व के सभी परिधानों में से साड़ी ही सबसे अधिक सुंदर , सौम्य एवं शालीन परिधान है। बिना किसी जोड़, बिना किसी सिलाई लगे साड़ी 5 से लगभग 6 गज लंबी होती है जो पहनने वाले की सुंदरता को कई हजार गुना बढ़ा देती है। 

हमारे देश के अलग-अलग राज्यों में साड़ी अलग-अलग तरीकों से पहनी जाती है। प्रत्येक राज्य की साड़ी की अपनी एक अलग विशेषता होती है।किसी राज्य में सिल्क की साड़ी प्रसिद्ध है तो किसी दूसरे राज्य में कॉटन की। कहीं चंदेरी साड़ी का प्रचलन है तो वही किसी अन्य राज्य में बंधेज प्रिंटेड साड़ी का। गुजरात में पटोला पैटर्न की साड़ियां पहनी जाती हैं और तमिलनाडु की कांजीवरम साड़ियां देश-विदेश में बहुत ही अधिक प्रसिद्ध मानी जाती हैं। दिल्ली की रेशमी डिजाइनर साड़ियां भी पूरे विश्व की महिलाएं बड़े ही शौक से पहनती हैं। 

साड़ी को महिलाओं का सम्मान प्रदर्शित करने वाला वस्त्र भी कहा जा सकता है क्योंकि प्राचीन काल में भी महिलाएं अक्सर साड़ी से ही अपने सुंदर सुडौल शरीर को पूरी तरह से ढक कर दुश्मन की गंदी नजरों से अपनी रक्षा किया करती थी। राजा महाराजाओं के राजघरानों में भी रानियां अक्सर साड़ियां भी पहना कर दी थी।प्राचीन समय में शुद्ध सोने की जरी का प्रयोग भी साड़ी बनाते समय किया जाता था जिसकी उस समय बहुत अधिक मांग हुआ करती थी। उस समय में बनारस की साड़ियां भी बहुत ही अधिक प्रचलन में होती थी।

वास्तव में साड़ी को महिलाओं के श्रृंगार का एक महत्वपूर्ण भाग माना गया है क्योंकि साड़ी केवल एक वस्त्र मात्र नहीं अपितु हमारी भारतीय संस्कृति का प्रतीक भी है और इसे पहनना शुभ भी माना जाता है ।वेदों में तो यहां तक लिखा है कि हवन इत्यादि के समय साड़ी पहनने से हवन और यज्ञ का फल अवश्य मिलता है। सादगी से परिपूर्ण पहनावा होने की वजह से न केवल भारतीय महिलाएं अपितु विदेशी महिलाएं भी आजकल साड़ी पहनने की तरफ आकर्षित हो रही हैं।

महाभारत के समय में द्रौपदी का चीर हरण वाला घटना वृतांत किसी से छुपा हुआ नहीं है ।उस समय भी श्रीकृष्ण ने पांचाली की साड़ी को निरंतर बढ़ाया और कौरवों से उसकी इज्जत एवं आत्मसम्मान को गिरने से बचाया। कहने का तात्पर्य यह है कि साड़ियां प्राचीन समय में अस्मिता एवं आत्मसम्मान की पूरक समझी जाती थी।

हम सभी जानते हैं कि साड़ी ही एकमात्र ऐसा परिधान है जो प्रत्येक आयु वर्ग एवं रंग की महिलाओं पर खूब फबता है ।साड़ी पहनने से पहले किसी महिला को यह सोचने की आवश्यकता ही नहीं होती है कि यह परिधान उस पर जंचेगा अथवा नहीं ।बाकी सभी ड्रेस और वस्त्रों के संबंध में हम ऐसा शत प्रतिशत विश्वस्त नहीं होते हैं ।यहां मेरा कहना यह बिल्कुल नहीं है कि साड़ी के अतिरिक्त अन्य परिधानों में कोई कमी होती है। चूंकि यह आलेख साड़ी को लेकर है तो अन्य वस्त्रों एवं परिधानों के ही समकक्ष साड़ी भी बहुत ही प्रचलित परिधान मानी जाती है एवं शादी विवाह एवं अनेक ऐसे शुभ अवसरों पर इसे पहना जाता है।

इस बात को मानने से इनकार नहीं किया जा सकता कि साड़ी पहनने के बाद तनया की खूबसूरती में चार चांद तो लग ही जाते हैं साथ ही साथ उसकी सौम्यता एवं सादगी भी कई गुना बढ़ जाती है। नई नवेली दुल्हन जब साड़ी परिधान में ससुराल में प्रवेश करती है तो घर की शोभा में चार चांद लग जाते हैं। चाहे हम कितने भी आधुनिक क्यों ना हो जाए परंतु यह सच है कि आज के समय में भी 80% से अधिक पति अपनी पत्नियों को साड़ी में देखना पसंद करते हैं एवं उनके सौंदर्य पर रीझते भी हैं। परंतु दूसरों को रिझाने एवं अपनी तरफ आकर्षित करने की मंशा को लेकर कभी साड़ी नहीं पहनी जाती,अपितु अपने आत्मविश्वास को बढ़ाने एवं अपने व्यक्तित्व को और अधिक खूबसूरत बनाने के लिए साड़ी पहनने का रिवाज है।आजकल तो विवाहित स्त्रियों के साथ-साथ अविवाहित लड़कियां भी शादी ब्याह एवं अनेक पार्टी जैसे अवसरों पर साड़ियां पहनना पसंद करती हैं।अगर इसे यूं कहा जाए की साड़ियां पहनना आजकल ट्रेंड में है तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी।

आजकल बाजारों में विभिन्न प्रकार के फैब्रिक्स में साड़ियां उपलब्ध हैं जिन पर अलग-अलग प्रकार के सुंदर-सुंदर रंग-बिरंगे डिजाइन बने होते हैं। ऐसी स्थिति में महिलाओं के लिए साड़ी का चयन करना बहुत कठिन हो जाता है। अक्सर महिलाएं बाजार में एक साड़ी लेने जाती हैं और साड़ियों की खूबसूरती देखकर उनका खुद पर नियंत्रण नहीं रहता और असमंजस की स्थिति को खत्म करने के लिए एक के स्थान पर वे अनेक साड़ियां खरीद लाती हैं।

बाकी परिधानों की अपेक्षा साड़ी काफी लंबे समय तक साथ निभाती है। जिन महिलाओं को साड़ी पहनने में परेशानी और दिक्कत का सामना करना पड़ता है उनके लिए आजकल विभिन्न यूट्यूब चैनल्स पर आसान तरीकों से साड़ी पहनना भी बखूबी सिखाया जाता है जिन्हें देखकर जीवन में पहली बार साड़ी पहनने वाली महिलाओं को काफी सहायता मिल सकती है।

हमें गर्व है कि हम अपनी भारतीय संस्कृति को आगे ले जा रहे हैं।भारतीय संस्कृति विश्व की प्राचीनतम संस्कृतियों में से एक रही है।भारतीय संस्कृति का परचम पूरे विश्व में सदैव इसी प्रकार लहराता रहे इसके लिए हमें अपने परिधानों की उत्कृष्टता के प्रति सजग रहना होगा एवम भारतीय प्रधानों को विदेशी बाजारों में उतारना होगा और अपनी प्राचीनतम संस्कृति को हमेशा के जैसे ऐसे ही पूरे विश्व में पूरा मान और सम्मान दिलाना होगा।

पिंकी सिंघल

अध्यापिका

शालीमार बाग दिल्ली

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button