कला-साहित्य

सावन (चौपाई छंद )

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

सावन बरसे बादल यारा |
लगता झूला अनुपम प्यारा ||
घुमड़ -घुमड़ कर बरसे बदरा |
देख घटा अब डरता जियरा ||

डाल -डाल पर पड़ता झूला |
सोंधी खुशबू में सब भूला ||
शिव की महिमा गाओ प्यारी |
लीला उनकी सबसे न्यारी ||

सावन साजन चूड़ी लेना |
पीहर हमको जाने देना ||
धानी चुनरी ओढ़े आऊँ |
देख तुम्हें मैं अब शर्माऊँ ||

भजना शंकर है अविनाशी |
भोले हैं घट घट के वासी ||
शीश जटा पर गंग विराजे |
नाग गले हैं उनके साजे ||

काले बादल जब घिर आये|
बच्चे प्यारे शोर मचाये ||
सबके मन में हर्ष समाये |
सावन ऋतु से मन हर्षाएं ||

सावन सारी खुशियाँ लाता |
पत्ता पत्ता खिलता जाता ||
नदी सरोवर ताल तलैया |
ता -था थैया नाचे भैया ||

कागज़ की तुम नाव बनाना |
जब घूमे तब लगे सुहाना ||
खन -खन चूड़ी बजती जाये |
मिलन की खूब आस लगाये ||

नैनों को ठंडक मिल जाती |
सावन में जब बदली छाती ||
रचती हीना गहरी न्यारी |
समझो सखियाँ वह है प्यारी ||

सावन मास महीना प्यारा |
लगता सारा जग है न्यारा ||
महके बगिया चम्पा फूले |
सखियाँ सारी झूला झूले ||
_____________________
कवयित्री
कल्पना भदौरिया “स्वप्निल “
लखनऊ उत्तरप्रदेश

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button