प्रतापगढ़

साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान पर वरिष्ठ कवि अनीस देहाती को मिला आचार्य भिखारीदास सम्मान

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

साहित्यकारों की उपलब्धि को बताया क्षेत्र के लिए गौरव, मान्धाता में हुआ कार्यक्रम

प्रतापगढ़। राष्ट्रीय अभिनव साहित्य मंच द्वारा जिले के मानधाता में स्थित संस्कार एजुकेशनल अकादमी डांडी में आयोजित अखिल भरतीय कवि सम्मेलन में वरिष्ठ कवि शेख मुंशीरजा अनीस देहाती को आचार्य भिखारी दास सम्मान 2023 प्रदान किया गया। इस सम्मान के तहत आयोजन समिति द्वारा आचार्य अनीस को ग्यारह हजार रूपये की धनराशि, स्मृति चिन्ह तथा अंगवस्त्रम भेंट किया गया।
सम्मान के बाबत प्रबंधक दिवाकर पाण्डेय ने बताया कि साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान हेतु साहित्यकार अनीस देहाती को यह सम्मान प्रदान किया गया है। बतादें कवि अनीस देहाती की रचना माटी इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हिंदी परास्नातक के पाठ्यक्रम में भी शामिल है। वहीं संस्कार एजुकेशनल एकेडमी डांडी में आयोजित कवि सम्मेलन में साहित्यकारों ने काव्यपाठ के जरिए राष्ट्रीयता का मजबूत माहौल बनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ।
संयोजक मण्डल के राजेश कुमार यादव, राजकुमार विश्वकर्मा तथा राजकुमार जाहिल एवं संस्कार अकादमी के प्रबंधक दिवाकर पांडेय ने कार्यक्रम में शामिल साहित्यकारों को भी स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। काव्यपाठ के जरिए आचार्य अनीस देहाती, वरिष्ठ साहित्यकार नागेन्द्र अनुज, सुनील प्रभाकर, अली इलियास, रामलगन आशीष, सुनील झंझटी, नूर शम्स, राजेश कुमार यादव, अखिलेश अखिल, सत्येंद्र सौम्य, मो० इस्लाम, बेजोड़ प्रतापगढ़ी, शशि सुमन, आशालता यादव, खुशी भारद्वाज ने राष्ट्रीय एकता एवं सदभावना पर सराहनीय रचनाएं प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय विश्वविद्यालय इलाहाबाद के संस्कृत विभाग के अध्यक्ष रहे उमाकांत यादव ने कहा कि साहित्य के जरिए सामाजिक राष्ट्रीय चेतना को मजबूती मिला करती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ गजलकार राजमूर्ति सौरभ व संचालन अखिलेश अखिल ने की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button