लखनऊ

सिग्नेचर बिल्डिंग मोदी के स्वागत को तैयार, डीजीपी कांफ्रेस के होंगे खास मेहमान

गृहमंत्री शाह 19 को आ जायेंगे लखनऊ

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

लखनऊ। पीएम नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए डीजीपी हेडक्वार्टर तैयार है। पहली बार सिग्नेचर बिल्डिंग में देश के सभी सूबों के पुलिस मुखिया जमा हो रहे हैं। पुलिस मुख्यालय के आसपास सड़कों को चमका दिया गया है और रंग रोगन हो रहा है। कारण साफ है, पीएम आ रहे हैं तो लकालक रहना है। वे देश भर के राज्यों के पुलिस प्रमुखों और विभिन्न पुलिस बलों के प्रमुखों के सम्मेलन में मुख्य मेहमान हैं। डीजीपी कांफ्रेंस 19, 20 और 21 नवंबर को होगी। पहले 20, 21 और 22 नवंबर को यह कार्यक्रम तय था,लेकिन एक दिन पहले कर दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस कांफ्रेंस में तीनों दिन मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री 20 और 21 नवंबर को रहेंगे। प्रधानमंत्री आईबी के अधिकारियों को मेडल भी वितरित करेंगे। वह 20 नवंबर को राजभवन में रात्रि विश्राम भी करेंगे। उत्तर प्रदेश पुलिस का मुख्यालय देश भर का सबसे भव्य पुलिस मुख्यालय है। इसकी गिनती सिग्नेचर बिल्डिंग के तौर पर होती है। 2015 में इस सिग्नेचर बिल्डिंग की नींव रखी गई थी और 2019 में इसका उद्घाटन किया गया था। चार टावर और नौ तल इस बिल्डिंग में हैं। हर टावर के लिए तीन-तीन लिफ्ट है। आपात स्थिति में बिल्डिंग से बाहर आने के लिए हर टावर में तीन-तीन सीढ़ीयां हैं। डीजीपी का कार्यालय नवें तल पर है।प्रवेश के लिए 3 द्वार हैं। गेट नंबर एक से डीआईजी और उससे ऊपर रैंक के अधिकारी आते और जाते हैं। गेट नंबर दो से बाकी सभी पुलिस अधिकारी आते जाते हैं। गेट नंबर 3 से आम जन आ जा सकते हैं। इस गेट पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगा हुआ है। बिल्डिंग में प्रवेश करने वालों को अपना पूरा ब्यौरा देना होता है फिर यहां पास बनता है। यूपी का पुलिस मुख्यालय सबसे आधुनिक पुलिस मुख्यालय है। यूपी का पुलिस मुख्यालय पहले प्रयागराज में था। पुलिस का नया भवन बनने के बाद पुलिस मुख्यालय को भी यहां पूरी तरह से शिफ्ट कर दिया गया है। अप्रैल 2019 में पुलिस मुख्यालय प्रयागराज से लखनऊ  शिफ्ट हुआ था। पहले पुलिस के बजट संबंधी सारे काम प्रयागराज में  होते थे। एडीजी, आईजी और डीआईजी पुलिस मुख्यालय प्रयागराज में बैठते थे। अब मुख्यालय सिग्नेचर बिल्डिंग में शिफ्ट हो गया है और सभी अधिकारी यहीं बैठते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button