सुदामा बनो, सुदामा!

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
कोर्ट-कचहरी के इस दौर में कुत्ते को कुत्ता और सुअर को सुअर नहीं कहना चाहिए। चूँकि पशुप्रेमी मनुष्यप्रेमियों (ऐसी कोई संस्था नहीं है) से अधिक कर्तव्यनिष्ठ, निष्ठावान और सजग रहते हैं। वे कुत्ते को टॉमी और सुअर को पिगी बैंक की तरह ट्रीट करते हैं। इतना आदर-सम्मान तो मिलना भी चाहिए क्योंकि वे इंसानों से ज्यादा वफादार होते हैं। दल-बदलू तो कतई नहीं होते। यहाँ तो इंसान छींकने तक को महान कार्य समझकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर देते हैं। अब सवाल यह उठता है कि इंसान बेहतर हैं कि जानवर।
सभी लोग पहले मामले को ठीक से समझ लें फिर कोई राय बनाएं। जल्दबाजी न करें। पहले चुनाव हो जाने दें। लोकतंत्र न केवल संविधान का बल्कि भगवान का भी उपहार है। पांच साल में एक बार गरीब आदमी भगवान से भी बड़ा और पूजनीय हो जाता है। उन्हें फल-फूल और नकदी चढ़ानी पड़ती है और आरती के रूप में लाउडस्पीकरों के द्वारा गिड़गिड़ाना पड़ता है। हाथ जोड़ने पड़ते हैं। चिरौरी करनी पड़ती है। यह लोकतंत्र का स्वर्णकाल होता है। जनता आराध्य देव जो बन जाते है। आज पूजा करोगे तो ही कल पूजा कर पाओगे।
आपने देखा होगा जब एक पर मूत दिया जाता था तब साक्षात सुपर पॉवर नीचे उतरकर उसके पैर धो दिया करते थे। आदमी से क्या लेना-देना। आदमी का क्या है? भावनाएँ बड़ी होनी चाहिए। आदमी तभी पूजनीय है जब वह मतदाता लगे। मतदाता नहीं तो इंसान का शरीर पाना व्यर्थ है। द्वापर के कृष्ण अब तो चुनाव के समय गली-गली में सुदामाओं को ढूँढ़-ढूँढ़कर मान-सम्मान करते हैं।
भले ये सुदामा करोना काल में तड़प ही क्यों न रहे हों, किंतु चुनावकाल में इनकी खातिरदारी बड़े जोर-शोर से की जाती है। हाँ यह अलग बात है कि असली भगवान को लेकर केंद्र और राज्य के बीच मतभेद हो सकते हैं। चुनाव के समय सुदामा बनने का जो लाभ है वह अन्य किसी समय नहीं हो सकता।
डॉ. सुरेश कुमार मिश्रा ‘उरतृप्त’, मो. नं. 73 8657 8657




