हरियाणा

हरियाणा में हिंसाः 4 जिलों में 83 एफआईआर दर्ज, 165 गिरफ्तार

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

चंडीगढ़ : नूंह में हुई साम्प्रदायिक हिंसा के बाद प्रदेश के दूसरे जिलों में हुई हिंसा और विवाद में पुलिस अब तक 83 एफआईआर दर्ज कर चुकी है। नूंह के अलावा गुरुग्राम, रेवाड़ी और पलवल में केस दर्ज हुए हैं। फरीदाबाद में कई वारदात हुई हैं, लेकिन अब तक वहां केस दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस 78 लोगों से सीआरपीसी की धारा 107, 150 और 151 के तहत पूछताछ कर रही है। नूंह हिंसा के बाद से अभी तक पुलिस द्वारा कुल 165 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
फिलहाल किसी को भी पुलिस ने हिरासत में नहीं लिया हुआ है। गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बृहस्पतिवार सुबह तक की जानकारी देते हुए बताया कि गुरुग्राम पुलिस द्वारा अभी तक 22 एफआईआर दर्ज की हैं और 21 लोगों को गिरफ्तार किया है। गुरुग्राम के पटौदी, मानेसर और सोहना में हिंसा हुई थी। नूंह में हुई हिंसा के मामले में अभी तक 42 एफआईआर दर्ज करके पुलिस 139 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
रेवाड़ी जिला में हुई वारदातों को लेकर पुलिस ने 3 केस दर्ज किए हैं, लेकिन किसी की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हुई है। इसी तरह से पलवल जिला में 16 एफआईआर पुलिस ने दर्ज की हैं और 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दूसरी ओर, डीजीपी पीके अग्रवाल, सीआईडी चीफ आलोक मित्तल और एडीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) ममता सिंह ने घटना के दिन से ही गुरुग्राम में मोर्चा संभाला हुआ है। हिंसा प्रभावित नूंह, पलवल, फरीदाबाद और गुरुग्राम के मानेसर, पटौदी और सोहना में तीन घंटों के लिए इंटरनेट बहाल किया गया है।
सीआईडी चीफ आलोक मित्तल की सिफारिश के बाद गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने यह छूट दी है। इंटरनेट दोपहर एक बजे से शाम को 4 बजे तक चालू रहेगा। यह निर्णय इसलिए लिया है क्योंकि हरियाणा में 5 व 6 अगस्त को तृतीय श्रेणी के 32 हजार पदों को लेकर कॉमन पात्रता परीक्षा (सीईटी) के स्क्रीनिंग टेस्ट होने हैं। इंटरनेट बंद होने की वजह से हिंसा प्रभावित जिलों में अभ्यर्थियों को अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में परेशानी आ रही थी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button