आलेख

हाथ की सफाई वाला दिन

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

टीवी, समाचार पत्रों ने हमें लाख समझाया कि खाने से पहले और खाने के बाद साबून से हाथ धो लिया करो। और हम थे कि इन बातों को हवा करने में अपनी शान समझते थे। हम उसे विज्ञापन कम टाइमपास ज्यादा मानते थे। रिमोट हाथ में होता तो फट से चैनल का टेटुवा दबा देते और कहते – यह फालतू की बक-बक सुनने की फुरसत किसे है? क्या हमें नहीं पता की हाथ की सफाई क्या होती है? इस देश में लोग कुछ सीखे न सीखे हाथ की सफाई जरूर सीखते हैं। इससे स्वच्छता और संपन्नता दोनों बनी रहती है। ऐसा नहीं है कि सरकारी विज्ञापन हाथ की सफाई के बारे में संविधान जैसी क्लिष्ट भाषा का प्रयोग करते हैं। भाषा तो सरल है, लेकिन बुद्धि का घड़ा औंधे रखा हो तो कोई बात दिमाग में कैसे घुसे। सो हमने भी इसे समझने की जहमत नहीं की। हमारे हाथ की सफाई के लिए सरकार ने स्वच्छ भारत के नाम पर लाखों-करोड़ों रुपया फूंक दिया। फिर उन्हीं लाखों-करोड़ों की उगाही के लिए हमसे धूम्र शलाका फुंकवा दिया। हिसाब बराबर। तुम अपने घर खुश और हम अपने घर।

कहते हैं सबका दिन आता है। सो हाथ की सफाई वाला दिन भी आया। आया तो आया ऐसा आया कि हाथ की सफाई से लेकर मुँह, नाक, आँख या यूँ कहें कि पूरे बदन को साबून से धोने की नौबत आ पड़ी। ऊपर से मुँह और नाक पर चिथड़े का टुकड़ा अलग से। अब तो चिथड़ा भी मॉर्डर्न हो चला है। मास्क के नाम से प्रख्यात महाशय एन-95 की वेरायिटी से काफी धूम मचा रहे हैं। कुछ लोग जिंदगी को तपाकर कुंदन बनाने की कोशिश में लगे रहते हैं तो यह महाशय खुद लोगों के क्रंदन से पॉपुलर हो गए। माना कि हाथ की सफाई वाले विज्ञापन का हमने ठीक से पालन नहीं किया। इसका मतलब यह तो नहीं कि हाथ की सफाई के साथ-साथ मुँह, नाक और बदन की सफाई के लिए कैदी बने घर में रहो। बैंक भी ब्याज लेता है, लेकिन एक निश्चित दर से। लेकिन यह हाथ की सफाई का ब्याज तो हमारे पल्ले पड़ता ही नहीं। यह ब्याज के एवज में हमसे बदला ले रहा है। हमारे आलस, निरक्षरता, अंधविश्वास की बैंड बजा रहा है।

हम कुछ भी बदल सकते हैं, लेकिन अपनी आदतों से समझौता नहीं करते। किंतु इधर एक-दो वर्षों से हम सब एक जैसे होने लगे हैं। वह क्या है न कि नाक-मुँह पर मास्क लगाने हैं। छींक आने पर नाक पर रुमाल चेंप रहे हैं। कुछ छू लें तो सेनिटाइजर की बौछार करने लगे हैं। बेकार में घूमने जहमत नहीं उठा रहे हैं। अब नुक्कड़ों पर बतकही के दिन लद चुके हैं। अमृत सेवन सामग्री गुटका, पान, सुपारी की पिचकारी मारने से बच रहे हैं। गाँवों और शहरों का लाल नगरी बनने से बचा रहे हैं। खुद को धुआँ होने से थाम रहे हैं। वीरान सड़कों की आदत पड़ चुकी है। एकांत में जीने की आदत डाल चुके हैं। वह क्या है न कि अब हम धीरे-धीरे इंसान कहलाने लगे हैं। यह सुनकर हमें अच्छा लगने लगा है।

डॉ. सुरेश कुमार मिश्रा ‘उरतृप्त’, मो. नं. 73 8657 8657

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button