हे परमेश्वरी
युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
हे परमेश्वरी, मातु सुरेश्वरी
जग जगदीश्वरी, शम्भू प्रिये
हो आरुढ़ हे शार्दुल वाहिनी
शठ संहारिणी, शैल सुते।
चित्रा रुप तेरा रुपेश्वरी
चिन्ता हारिणी चित्तरुपे
त्रिलोक तारिणी,
सांध्य विहारिणी
कठिन कष्ट हर काली शिवे।
तू ही देवी भक्त रक्षिणी
दुर्मति भक्षिणी अरु विमले
गलमाला मुंडन की धारो
अलंकृता हो छिन-मस्ते।
सम्मुख धर्म अधर्म विराजे
मानवता की बलि चढ़े
कात्यायनी अंचल प्रसार कर
सिंचित स्नेह भरो अंके।
चामुण्डा युग बीत गए हैं
नहि क्षुधा को भोग लगे
असंख्य दुर्गुण गेह मनुज मन
प्राप्त कलेवा कर शस्त्रे।
कोलाहल चहुँ व्याप्त जगत मे
त्रास शोक संताप करे
शंखनाद, घंटाध्वनि गर्जन
झंकृत कर दो रण-जीते।
सकल सभ्यता नारि की अरि
सहनशिला चित्कार करे
नगर भ्रमण करो कालरात्रि
निशदिन निशिचर घूम रहे।
अकर्मण्याता हावी जग पे
अनुद्योग हो शिथिल पड़े
व्याघ्र वाहिनी चेतन कर दो
सुप्ता दृगअंचल नेत्रे।
उत्पत्ति हो नव विहान की
घोर तिमिर अविलम्ब मिटे
पुनर्सृष्टि,सृष्टि की कर दो
भूषित भव्य भावी भुवने।
हे भवभामिनी, दुर्गम गामिनी
नव अंकुर तुम ही शुचिते
तू सुलोचना, महिमा मण्डीनी
अंक अंश बो बीजलते।
धूमिल धुसरित दसो दिशाएँ
धवल पंथ दुर्गम सूझे
उज्ज्वल कर दो जगद्धात्री
मूढ़ मतिहीन द्वार खड़े।
महिमा तिवारी
रामपुरकारखना
देवरिया-उ0प्र0




