कला-साहित्य
हौसलों को बुलंद रखना

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
हालात कैसे भी हों हौसलों को बुलंद रखना,
विघ्न की सीढ़ियों से मंज़िल पर कदम रखना।
पंक में मीलित सरसिज को कौन पूछे भला?
उन्नमीलित हुआ जब वो,राष्ट्र का पुष्प बना।
अपने भाग्य को कोसकर जो कदम नहीं बढ़ाते हैं,
स्पंदन रहित शिथिल काया वो कहलाते हैं।
पारावार सम समय को मीठी दरिया बनाओ,
झंझावतों का कर सामना,स्वयं विघ्न हटाओ।
माना दौर बड़ा कठिन है,जीवन मृत्यु अधीन है,
पर वक़्त का पहिया घूमेगा, महामारी को ले डूबेगा।
धैर्य धरो,मदद करो,हाथ बढ़ाओ ज़रूरतमंद के लिए,
कलाबाज़ारी से बचो,रुपये चंद के लिए।
सांसों की कीमत जो तुम आज चुका रहे हो,
तुम्हारी ही करनी का फल आज भुना रहे हो।
स्वस्थ मानसिकता के साथ समाज में आगे आओ,
फौलादी इरादों से महामारी को दूर भगाओ।
डॉ. रीमा सिन्हा (लखनऊ)



