100 आंगनबाड़ी कर्मचारी को बाटे गए स्मार्ट फोन
युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
उरई/जालौन। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जिले की सभी आंगनबाड़ी कर्मचारियों को स्मार्ट फोन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस मौके पर चयनित 100 कर्मचारियों को स्मार्ट फोन का वितरण किया गया। कार्यक्रम को संबंधित करते हुए डीएम ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता फ्रंटलाइन वर्कर होती है। वह सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी जिम्मेदारी से करती है। उन्होंने बताया कि विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ कोरोना वैक्सीन में भी उन्हें जिम्मेदारी निभाकर शत प्रतिशत वैक्सीनेशन का काम कराना है। जिले में अभी करीब 65 प्रतिशत को पहली डोज लगी है। इसे शत प्रतिशत करने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जुट जाए। उनकी विभागीय समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द कराया जाएगा। कालपी विधायक नरेंद्र पाल सिंह जादौन ने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्ट बना रही है। उन्हें दीपावली के पहले स्मार्ट फोन देकर सरकार ने तोहफा देने का काम किया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी इफ्तेखार अहमद ने बताया कि जिले की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्ट फोन से सुसज्जित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में 1815 आंगनबाड़ी केंद्रों के सापेक्ष 1795 स्मार्ट फोन आए हैं। वितरण कार्यक्रम के दौरान 100 फोन बाटे गए है जल्द ही सभी ब्लाकों में फोन का वितरण कराया जाएगा। इस दौरान सदर विधायक गैरी शंकर वर्मा, सांसद प्रतिनिधि रविकांत द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी डा. एके श्रीवास्तव, सीडीपीओ शहर विमलेश आर्या आदि मौजूद रहे।




