मथुरा

15 से 18 वर्ष के शेष बच्चों का दो दिन में वैक्सीनेशन किया जाये ,गौशालाओं को टाट से कवर किया जाये तथा गैस हीटर लगवाये जायें

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

मथुरा। जनपद के नोडल अधिकारी मयूर महेश्वरी ने कलेक्टेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक लेते हुए निर्देश दिये कि प्रत्येक दशा में वैक्सीनेशन शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया जाये। जिन व्यक्तियों को पहली डोज लग चुकी है उन व्यक्यिों को दूसरी डोज के लिए निरंतर फोन करते रहें। कोविड-19 के प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन करायें और बिना मास्क मिलने पर आवश्यक कार्यवाही कर उन्हें मास्क पहनने के प्रति जागरूक करें तथा कोविड-19 से होने वाली बीमारियों से भी अवगत करायें।श्री महेश्वरी ने निर्देश दिये कि भीषण सर्दी के दृष्टिगत गौवंश को अधिक से अधिक संख्या में गौशाला पहुॅचाया जाये तथा गौशाला को टाट व अन्य किसी गर्म कपड़े से कवर किया जाये। उन्होंने कहा कि गौवंश के नीचे ठण्ड से बचने की भी व्यवस्था की जाये। उन्होंने कहा कि जहां तक संभव हो सके गैशाला में भी गैस हीटरों को लगाया जाये तथा चारे के साथ-साथ गुड़ और चना भी दिया जाये। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिये कि सभी रैन बसेराओं की हालात सुदृढ़ होनी चाहिए तथा मुख्य स्थानों पर निरंतर सेनेटाइजेशन कराते रहें। उन्होंने वैक्सीन लगाने के लिए कोटेदारों की दुकानों पर कैम्प लगाने के भी निर्देश दिये।बैठक में जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने बताया कि 18 प्लस के 18 लाख लोगों में से 17 लाख लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। शेष वैक्सीन को 25 जनवरी से पूर्व ही लगवा दी जायेगी। 03 जनवरी से 15 से 18 वर्ष के बच्चों को वैक्सीन लगाने का कार्य प्रारम्भ किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पोलिंग वर्करों को दूसरी डोज पूरी होने के पश्चात बूस्टर डोज लगाने की भी प्रक्रिया प्रारम्भ की जायेगी। उन्होंने बताया कि द्वितीय डोज के लिए 100 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गयी है, जो प्रतिदिन एक लाख लोगों को फोन करके दूसरी डोज लगवाने के लिए फोन कर रहे हैं। बैठक में नगर आयुक्त अनुनय झा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 नितिन गौड़, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अजय वर्मा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व योगानन्द पाण्डेय, नगर मजिस्ट्रेट जवाहर लाल श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर ओमप्रकाश तिवारी सहित अन्य संबंधित डॉक्टर्स एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button