9 बजे के बाद होटल-रेस्टोरेंट खुले तो चालान

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
बांदा। डीएम आनंद कुमार सिंह ने बताया कि रोजाना नाइट कर्फ्यू की शुरुआत रात 9 बजे से है। जनपद के सभी होटल, रेस्टोरेंट, मैरिज लॉन और ढाबा संचालकों को निर्देश दिया है कि वे इससे पहले ही अपने संस्थान बंद कर दें। इस समय तक उनके कर्मचारी भी अपने घरों को पहुंच जाएं। नौ बजे के बाद कोई प्रतिष्ठान खुला मिला या कर्मी सड़क पर पाया गया तो चालान कर दिया जाएगा। जिला पंचायत सभागार में उपरोक्त संस्थानों के संचालकों की बैठक में डीएम ने उपरोक्त निर्देश दिए। कहा कि जनपद में रोजाना 100 या इससे ज्यादा संक्रमित मिल रहे हैं। ऐसे में सावधानी बरतना जरूरी है। जीवन अनमोल है। यह है तो सब कुछ है। गाइड लाइन का उल्लंघन करके अपना और दूसरों का जीवन खतरे में न डालें। बैठक में एडीएम संतोष बहादुर सिंह, पुलिस उपाधीक्षक नगर राकेश सिंह, नगर पालिका ईओ बुद्ध प्रकाश, कोतवाली प्रभारी आदि उपस्थित थे।




