आलेख

सकारात्मक दृष्टिकोण सफलता के मार्ग खोलता है

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

दोस्तों,यह दुनिया बड़ी ही खूबसूरत है, दुनिया में जिन भी लोगों के साथ मेरा मिलना जुलना होता है ,वे सब किसी न किसी रूप में मेरे शिक्षक हैं क्योंकि मैं उनसे प्रतिदिन कुछ ना कुछ नया सीखती हूं जिससे मेरे जीवन में अनेकों प्रकार के अद्भुत परिवर्तन आते हैं और जिस की वजह से कभी-कभी मेरे जीवन जीने की दिशा ही बदल जाती है,प्रकृति के कण-कण में मुझे ईश्वर के होने का आभास होता है ,सृष्टि के सभी जीव जंतु किसी ना किसी रूप में मुझसे जुड़े हुए हैं, इस दुनिया में जाने अनजाने जिन भी लोगों से मेरी मुलाकात होती है इन सब के पीछे कोई ना कोई कारण अवश्य होता है क्योंकि इतने बड़े विश्व में कोई किसी से यूँ ही तो नहीं मिलता,प्रत्येक व्यक्ति का दूसरे व्यक्ति से कोई ना कोई संबंध अवश्य होता है ।

अब शायद आप सोच रहे होंगे कि मैं यह सब बातें अपने इस आलेख में क्यों कर रही हूं ।जी,आपका सोचना बिल्कुल सही है। मैं इन सब बातों का जिक्र आप सभी के समक्ष इसलिए करना चाहती हूं क्योंकि मुझे हमेशा जीवन में अच्छे लोगों के सानिध्य में रहने का अवसर मिला है ।परिवार हो,समाज हो, कार्यस्थल हो अथवा साहित्यिक जगत..इन सभी स्थानों पर प्रत्येक व्यक्ति ने मुझे कुछ ना कुछ जरूर सिखाया है और मेरे जीवन जीने के दृष्टिकोण में इन सब से मिलने के बाद काफी परिवर्तन भी आया है।जीवन जीने के प्रति मेरा दृष्टिकोण पहले से कहीं और अधिक सकारात्मक हो गया है।

सकारात्मकता जीवन के विशेष गुणों में से एक मानी जाती है।यह उस दीपक के समान होती है जो नकारात्मकता रूपी अंधेरे को पल भर में दूर कर देती है और मन में आशा की एक किरण जगा कर हमारे जीवन को जगमग कर देती है।चीजों के प्रति सकारात्मक रवैया रखने से न केवल हमारे आत्मविश्वास में वृद्धि होती है अपितु हमारे व्यक्तित्व का भी विकास होता है। सकारात्मकता हमारे जीवन में सुमधुर तरंगें पैदा करती है जिससे हमारे जीवन में अनगिन खुशियों का आगमन होता है और हमारा जीवन सुखमय बन जाता है। 

जीवन में सफलता हासिल करने के लिए व्यक्ति की सकारात्मक सोच का होना अति आवश्यक होता है।जीवन में आने वाली मुश्किल घड़ियों को अपने अनुकूल बनाने के लिए व्यक्ति में सकारात्मकता होनी ही चाहिए, क्योंकि तभी वह प्रतिकूल परिस्थितियों पर विजय प्राप्त कर सकता है।नकारात्मक सोच रखने से मनुष्य जीवन में परेशानियों का सामना तो करता ही है ,साथ ही साथ सफलता प्राप्त करने के सारे मार्ग उसे लिए बहुत कठिनाई भरे लगने लगते हैं।

 सकारात्मक दृष्टिकोण रखने वाले व्यक्ति को सदैव गजब की आत्म संतुष्टि का अनुभव होता है क्योंकि उसकी आंखों में एक अलग ही प्रकार की चमक देखने को मिलती है तथा उसके चेहरे की मधुर मुस्कान सभी को अपनी तरफ आकर्षित करती है,जिससे व्यक्ति का सामाजिक विकास भी होता है।इसके विपरीत नकारात्मक प्रवृत्तियों की वजह से व्यक्ति का विकास अवरूद्ध होने लगता है और वह पिछड़ जाता है। सकारात्मक सोच रखने वाले व्यक्ति का चित्त सदैव शांत और स्थिर रहता है,परंतु नकारात्मक सोच रखने से व्यक्ति में एक प्रकार का तनाव उत्पन्न होता है जो कभी-कभी अवसाद का रूप भी ग्रहण कर लेता है।सकारात्मक दृष्टिकोण रखने वाले व्यक्ति ना केवल खुद का विकास करते हैं अपितु उनके साथ रहने वालों का विकास भी खुद ब खुद होने लगता है ।

सकारात्मक रवैया अपनाना शायद उतना कठिन नहीं होता जितना कि अपने दिल और दिमाग से नकारात्मक विचारों को निकालना। परंतु यदि मनुष्य अपने जीवन को एक सकारात्मक दिशा की ओर ले जाना चाहता है तो उसके लिए कुछ भी असंभव नहीं है ।जीवन से नकारात्मकता दूर करने के लिए बस थोड़े से धैर्य की आवश्यकता होती है। अपने जज्बे, हिम्मत विश्वास और दृढ़ निश्चय से हम अपने जीवन से नकारात्मकता रूपी अंधकार को हमेशा-हमेशा के लिए दूर कर सकते हैं ।चीजों को जैसी हैं वैसे ही ग्रहण करने से भी हमारे आत्मविश्वास में वृद्धि होती है और यह हमारे सकारात्मक रवैए को भी दर्शाता है ।प्रत्येक चीज में कमी निकालने से खुद को बचा कर भी हम सकारात्मकता को विकसित कर सकते हैं।

तो दोस्तों, देर किस बात की है ।कहते हैं न कि जब जागो ,तभी सवेरा ।यदि आप भी अभी तक कुछ चीजों के प्रति सकारात्मक रवैया नहीं रखते हैं और प्रत्येक चीज के अवगुणों को गुणों की तुलना में अधिक महत्व देते हैं तो,आज से ही बल्कि अभी से आपको अपने नकारात्मक दृष्टिकोण को सकारात्मक दृष्टिकोण में बदलना होगा,क्योंकि जीवन आपका है और अपने जीवन में खुशियां भरना आपका अधिकार ही नहीं, अपितु,आपका कर्त्तव्य भी है। तो उठिए और अपने अधिकारों के लिए स्वयं को सकारात्मक बनाइए और जीवन को भरपूर जी लीजिए।

पिंकी सिंघल

अध्यापिका

शालीमार बाग

दिल्ली

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button