कला-साहित्य

गणतंत्र दिवस

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

सीमाओं के प्रहरी तेरा,करते सब अभिनंदन।
तिलक भाल पर विजयश्री का,प्रस्तुत करता चंदन।।
रिपु को तुमने धूल चटाकर,
परचम फहराया।
हर जन ने उल्लासित होकर,
विजयगान गाया।।
कीर्ति तुम्हारी इतिहासों में,ऐ भारत के नंदन।
तिलक भाल पर विजयश्री का,प्रस्तुत करता चंदन।।
शौर्य तुम्हारी गाथा गाता,
करगिल देय गवाही।
तुम तो हो सच्चे रखवाले,
विजय राह के राही।।
वतन करेगा सदा तुम्हारा,आतुर हो अभिवंदन।
तिलक भाल पर विजयश्री का,प्रस्तुत करता चंदन।।
गौरव तुम पर हम करते हैं
तुम तो हो बलिदानी।
युग-युग तक रहना है जीवित,
तेरी प्रखर कहानी।।
लाल भारती के तुम चोखे,ख़त्म किया हर क्रंदन।
तिलक भाल पर विजयश्री का,प्रस्तुत करता चंदन।।
साहस तुम में सदा अपरिमित,
तुम तो हो मतवाले।
तीर और तलवार तुम्हीं हो,
तुम ही बरछी-भाले
विजय तुम्हारी सदा सुनिश्चित, तुम जीते जा लंदन।
तिलक भाल पर विजयश्री का,प्रस्तुत करता चंदन।।

-प्रो (डॉ0) शरद नारायण खरे

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button