खेल

IPl 2021 KKR vs PBKS: शाहरुख ने टीम को जीत दिलाने के बाद जबरदस्त अंदाज में मनाया जश्न

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 में पंजाब किंग्स ने शुक्रवार को कोलकाता नाइटराइडर्स को 5 विकेट से हराया। केएल राहुल ने पंजाब की तरफ से सर्वाधिक 67 रन बनाए। शाहरुख खान ने आखिर में पंजाब की जीत में बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने 9 गेंदों में नाबाद 22 रन बनाए। वेकटेंश अय्यर की गेंद पर सिक्स लगाकर उन्होंने पंजाब को करो या मरो वाले मैच में जीत दिलाई। शाहरुख ने टीम को जीत दिलाने के बाद जबरदस्त अंदाज में जश्न मनाया। हालांकि राहुल त्रिपाठी ये कैच पकड़ सकते थे लेकिन उन्होंने ये कैच ड्रॉप कर दिया और मैच पंजाब की झोली में चला गया।

शाहरूख खान के सेलिब्रेशन ने फैंस का दिल जीत लिया। सोशल मीडिया में उनके जश्न का ये अंदाज काफी पसंद किया जा रहा है। पंजाब इस जीत के साथ प्वॉइंट टेबल में पांचवें स्थान पर आ गई है। प्लेऑफ में पहुंचने की उसकी संभावनाएं बरकरार है। इस जीत के बाद टीम की मालकिन प्रीति जिंटा भी काफी खुश नजर आई और झूमती दिखीं। गौरतलब है कि आईपीएल नीलामी में पंजाब किंग्स ने तमिलनाडु के शाहरुख खान को 5 करोड़ 25 लाख में खरीदा था।

पंजाब की जीत के बाद आईपीएल के प्लेऑफ की जंग काफी दिलचस्प हो गई है। केकेआर, मुंबई इंडियंस और पंजाब के अब 10-10 अंक हो गए हैं। आरसीबी को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए बस एक जीत की जरूरत है। ऐसे में प्लेऑफ में पहुंचने के लिए तीनों टीमों में जबरदस्त होड़ मच गई है। कल के मैच की बात करें तो पंजाब ने केकेआर द्वारा दिए गए 166 रनों के लक्ष्य को तीन गेंद शेष रहते हुए ही हासिल कर लिया। कप्तान केएल राहुल ने 67 रनों की और सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने 40 रनों का योगदान दिया। इससे पहले टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए कोलकाता ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 165 रनों का टोटल खड़ा किया। वेंकटेश अय्यर ने टीम की तरफ से सर्वाधिक 67 रन बनाए।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button