IPL 2022 CSK vs PBKS: धोनी टीम को जीत दिला पाएं या नहीं, मगर बनते हैं मैच के सुपरस्टार

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में अभी कुछ दिन पहले ही महेंद्र सिंह धोनी ने आखिरी ओवर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस के खिलाफ टीम को जीत दिलाई थी और अब सोमवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ वह टीम को जीत तक नहीं पहुंचा पाए। पंजाब किंग्स के खिलाफ सीएसके को आखिरी ओवर में 27 रनों की जरूरत थी और धोनी क्रीज पर थे। ऋषि धवन की पहली ही गेंद पर धोनी ने छक्का भी उड़ाया, लेकिन इसके बाद धवन ने वापसी की और सीएसके आखिरी ओवर में 15 रन ही बना पाई और मैच 11 रनों से गंवा दिया। खैर धोनी टीम को जीत दिला पाएं या नहीं इससे उनकी फैन फॉलोइंग पर ज्यादा कोई असर नहीं पड़ता है।
सीएसके के खिलाफ जब भी कोई टीम खेलती है, तो जीत किसी की भी हो, मैच के बाद के सुपरस्टार तो धोनी ही होते हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के बाद भी ऐसा ही कुछ देखने को मिला। इंडियन प्रीमियर लीग के आधिकारिक पेज पर कुछ तस्वीरें शेयर की गई हैं।
मैच के बाद मैन ऑफ द मैच शिखर धवन के साथ धोनी गुफ्तगू करते नजर आए। दोनों के बीच के चेहरे की मुस्कान बता रही है कि दोनों को एक-दूसरे के साथ मिलकर कितना अच्छा लगा।
मयंक अग्रवाल तो मैच के बाद धोनी के साथ ठहाके लगाते नजर आए। उन्होंने धोनी से कप्तानी के कुछ खास टिप्स जरूर लिए होंगे। धोनी ने मयंक के अलावा पंजाब किंग्स के हेड कोच अनिल कुंबले के साथ भी कुछ समय बिताया। मैच की बात करें तो पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में चार विकेट पर 187 रन बनाए, जवाब में सीएसके की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 176 रन ही बना पाई।




