चित्रकूट

RSS के एजेंडे में हिंदू धर्म छोड़ने वालों की वापसी : चित्रकूट में हिंदू एकता महाकुंभ में मोहन भागवत बोले- भय ज्यादा दिन तक बांध नहीं सकता

जगदगुरु रामभद्राचार्य ने कहा कि अब शांति नहीं क्रांति होगी

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

धर्म परिवर्तन के विरुद्ध बनाना होगा सरकार को कानून- रामभद्राचार्य

चित्रकूट में चल रहे 3 दिवसीय हिंदू एकता महाकुंभ में पहुंचे RSS प्रमुख मोहन भागवत ने हिंदू धर्म छोड़ने वालों की घर वापसी का आह्वान किया । उन्होंने कहा कि भय ज्यादा दिन तक बांध नहीं सकता है । अहंकार से एकता टूटती है । हम लोगों को जोड़ने के लिए काम करेंगे । महाकुंभ में शामिल हो रहे लोगों को उन्होंने इसका संकल्प भी दिलाया । हिंदू एकता महाकुंभ में आए लोगों ने RSS प्रमुख मोहन भागवत के साथ संकल्प लेते हुए कहा कि , मैं हिंदू संस्कृति के धर्मयोद्धा मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की संकल्प स्थली पर सर्वशक्तिमान परमेश्वर को साक्षी मानकर संकल्प लेता हूं कि मैं अपने पवित्र हिंदू धर्म , हिन्दू संस्कृति और हिन्दू समाज के संरक्षण संवर्धन और सुरक्षा के लिए आजीवन कार्य करूंगा ।

मैं प्रतिज्ञा करता हूं कि किसी भी हिंदू भाई को हिंदू धर्म से विमुख नहीं होने दूंगा । जो भाई धर्म छोड़ कर चले गए हैं , उनकी भी घर वापसी के लिए कार्य करूंगा । उन्हें परिवार का हिस्सा बनाऊंगा । मैं प्रतिज्ञा करता हूं कि हिंदू बहनों की अस्मिता , सम्मान और शील की रक्षा के लिए सर्वस्व अर्पण करूंगा । जाति , वर्ग , भाषा , पंथ के भेद से ऊपर उठ कर हिंदू समाज को समरस सशक्त अभेद्य बनाने के लिए पूरी शक्ति से कार्य करूंगा ।

75 किलो की पहनाई गई माला बता दें कि कार्यक्रम के दूसरे दिन RSS प्रमुख मोहन भागवत और तुलसीपीठाधीश्वर श्री रामभद्राचार्य को 75 किलो की माला पहनाकर स्वागत किया गया । मोहन भागवत और रामभद्राचार्य ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया । करीब 20 मिनट तक मोहन भागवत ने हिंदू एकता महाकुंभ में आए लोगों को संबोधित किया ।

हिंदू एकता महाकुंभ के अध्यक्ष जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने कार्यक्रम के दूसरे दिन 5 लाख की भीड़ आने का दावा किया था , लेकिन यह भीड़ डेढ़ लाख में समिट कर रह गई । कार्यक्रम में कुर्सियां खाली पड़ी रहीं । बैठने वाला कोई नहीं था ।

ये अतिथि कार्यक्रम में नहीं हुए शामिल कार्यक्रम में मोहन भागवत , श्री श्री रविशंकर के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को आना था , लेकिन सिर्फ मोहन भागवत ही शिरकत किए हैं । मोहन भागवत के मंच में ज्यादातर भाजपा के चेहरे नजर आ रहे थे । स्थानीय सांसद आरके सिंह पटेल भी मंच पर उपस्थित नजर आए ।

कार्यक्रम को श्री श्री रविशंकर ने भी संबोधित किया । उन्होंने कहा कि कुछ लोग जुटते हैं तो भय पैदा होता है । जबकि जहां संत और हिन्दू इक्ट्ठा होते हैं , वहां अभय मिलता है । उन्होंने कहा कि देश भक्ति और ईश्वर भक्ति एक ही है । जो देशभक्त नहीं है वो ईश्वर भक्त भी नहीं हो सकता ।

इन मुद्दों को श्री श्री रविशंकर ने किया समर्थन श्री श्री रविशंकर ने हिंदू महाकुंभ के 12 मुद्दों का समर्थन किया । जिसमें राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक श्रीराम मंदिर , देव स्थानों की परंपरा नष्ट कर रहा सरकारी नियंत्रण , धर्मांतरण की अंतर्राष्ट्रीय साजिश , देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून जरूरी , सामान नागरिकता का मिले अधिकार , लव जेहाद से युवा पीढ़ी में भटकाव , भारतीय दर्शन आधारित शिक्षा जरूरी , धर्म में व्यसन का त्याग हो अनिवार्य , गौ रक्षा के ठोस प्रयास , मातृ शक्ति को सशक्त बनाना जरूरी , हिंदू धर्म के बारे में दुष्प्रचार बंद हो और पर्यावरण प्रदूषण पर रोक लगे ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button