खेल

WTC Points Table: आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के प्वाइंट्स टेबल में पाकिस्‍तान ने श्रीलंका को हराकर लगाई लंबी छलांग

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

ICC World Test Championship Points Table: पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में जीत हासिल कर आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (2023-25) के प्वाइंट्स टेबल में लंबी छलांग लगाई है। पाकिस्तान दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। वहीं, भारत 12 अंक के साथ पहले स्थान पर काबिज है। बता दें कि बाबर आजम की अगुवाई वाली टीम ने गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में श्रीलंका को चार विकेट से हराकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

इस जीत से पाकिस्तान को आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की प्वाइंट्स टेबल (WTC Points Table 2023-25) में 12 अंक मिले। उनका अंक प्रतिशत 100 है। दूसरी ओर, श्रीलंका एक मैच के बाद 0 प्रतिशत अंकों के साथ आठवें स्थान पर है। पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच सीरीज का दूसरा मैच 24 जुलाई को कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में शुरू होगा।

गौरतलब हो कि इस हफ्ते आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका में कई बदलाव होंगे। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के दो अन्य मैच 24 जुलाई तक समाप्त हो जाएंगे। इसके चलते प्वाइंट्स टेबल में बदलाव देखने को मिल सकते हैं। प्वाइंट्स टेबल में कुल टीमें शामिल हैं। इनमें भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, श्रीलंका, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज शामिल हैं।

बात करें प्वाइंट्स टेबल की तो भारत 100 प्रतिशत और 12 अंक के साथ पहले स्थान पर है। वहीं, पाकिस्तान इतने ही प्रतिशत और अंक के साथ दूसरे स्थान पर काबिज है। ऑस्ट्रेलिया 61.11 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है। इंग्लैंड 27.78 प्रतिशत के साथ प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है। फिलहाल इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया दोनों के बीच एशेज सीरीज में व्यस्त हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button