अमरोहा : उमस और गर्मी से मिली राहत, बारिश से डूबा शहर- गांव में झूमे लोग

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
अमरोहा : सावन में मानसून मतवाला हो गया। सुबह पांच बजे शुरू हुई बारिश की झड़ी शाम तीन बजे थमी। इससे उमस और गर्मी से राहत मिल गई। मगर शहर की गलियां और सड़कें डूब गईं। जलभराव से जीवन ठहर सा गया। उधर, किसानों के लिए यह बारिश अमृत बनकर बरसी। धान की रोपाई ने तेजी पकड़ ली।
सावन माह के तीसरे दिन गुरुवार सुबह से ही मानसून मेहरबान रहा। पांच बजे आसमान में बदली छा गई और देखते ही देखते बारिश होने लगी। उमस भरी गर्मी से बेचैन लोगों ने राहत की सांस ली। लगातार रिमझिम बारिश से शहर के नाले उफना गए। इससे सड़कें पानी में पूरी तरह डूब गईं। लकड़ा चौराहा, जामा मस्जिद चौराहा, जेएस हिन्दू इंटर कालेज, कोतवाली चौराहा, तहसील रोड, बगला बाजार, नगरपालिका रोड, छंगा दरवाजा, कोट चौराहा, नखासा रोड, दानिशमंदान रोड शाम तक जलभराव की गिरफ्त में रहा।
कुछ लोगों के घरों में भी पानी भर गया। नगर के नालों की तलीझाड़ सफाई कराने की पोल भी खुल गई। वहीं बारिश से खेत में खड़ी फसलें लबालब हो गई। खासकर खेतों में धान की रोपाई कर रहे किसानों के चेहरे खिल गए। मौसम विभाग के अनुसार अगले छह दिनों तक रुक-रुककर बारिश होने के आसार हैं। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
कृषि उपनिदेशक राम प्रवेश ने बताया कि जून माह बारिश का मौसम नहीं था। इसके चलते औसतन 11 एमएम बारिश होने का अनुमान था, मगर 63.50 एमएम बारिश हुई थी, जो औसत से 52.50 एमएम अधिक थी। जुलाई माह में औसतन 300 एमएम बारिश होती है। मगर गुरुवार को पहली बार में ही करीब 80 एमएम बारिश हो गई है।



