कोचिंग संचालक ने पत्नी को गोली से उड़ाया, फिर की आत्महत्याय पुलिस ने दरवाजा तोड़ निकाले शव

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
अमरोहा : उत्तर प्रदेश के अमरोहा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां पर मंडी धनौरा क्षेत्र में एक कोचिंग संचालक ने अपनी पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरु कर दी। जानकारी के मुताबिक, गांव हलुपुरा निवासी विकास शर्मा (28) ने पत्नी अंचला शर्मा (26) की गोली मार कर हत्या कर दी और बाद में खुद को गोली मार ली।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़ कर दंपत्ति के शव बाहर निकाले। मृतक की मां के अनुसार बुधवार रात को खाना खाकर कोचिंग संचालक दंपति सोने के लिए अपने कमरे में चले गए थे। रात लगभग 11ः00 बजे अचानक कमरे में गोली चलने की आवाज आई। आवाज सुनकर परिजनों ने कमरे की खिड़की से झांक कर देखा तो अंदर विकास कुमार शर्मा तथा पत्नी समेत दोनों के लहुलुहान शव पड़े हुए थे। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार विकास पहले गांव में कोचिंग सेंटर चलाता था, लेकिन कोरोना काल में कोचिंग क्लास बंद हो जाने के बाद से वह बेरोजगार था मगर परिवार में किसी तरह का तनाव नहीं था। पुलिस ने बताया कि मौके पर फिंगर एक्सपर्ट को बुलवाया गया है। मामले की तहकीकात की जा रही है, तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।



