कला-साहित्य

आई लव यू

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

बिस्तर पर बेसुध से लेटी सुधा चुपचाप एकटक एक तरफ लगी ड्रिप की शीशियों को देखे जाती जो एक खत्म होती नहीं दूसरी शुरू हो जाती, बीच बीच में कभी नर्स इंजेक्शन लगाने या दवा देने आ जाती। समय समय पर डॉक्टर भी आकर हालचाल पूछ जाते। कभी वार्ड बॉय आकर पानी रख जाता या बीच बीच में कमरे की सफाई, बाथरूम की सफाई चलती रहती।

कुछ न कुछ लगा ही रहता कभी एक आता कभी दूसरा।ऊपर से बाहर से लोगों की चहलकदमी, बातों , नर्स, डॉक्टरों की आवाज़ें। कभी किसी की रोने की आवाज़ें कलेजा चिर जाती जिसे सुन सुधा डर सी जाती “मुझे भी कुछ हो गया तो”? “मैं ठीक नहीं हो पाई तो”? यूँ सहम उसके बेबस आँसूं बह निकले।

तभी प्रमोद कमरे में आते ही हैरान परेशान हो गया सुधा को रोते देख “क्या हुआ क्यों रो रही हो, कुछ तकलीफ है डॉक्टर या नर्स को बुलाऊँ, कहीं दर्द हो रहा है… एक ही सांस में प्रमोद सुधा को रोते तक चिंतित बोलता जा रहा था” और सुधा के आँसूं थे की थमने का नाम नहीं ले रहे थे।

तभी प्रमोद ने उसे बाहों में भरते हुए कहा बस चुप हो जाओ बोलो तो बात क्या है, कहीं दर्द हो रहा है।

सुधा सुबकते हुए बोली “सुनो जी अगर मैं नहीं बची, ठीक नहीं हो पाई तो”। प्रमोद के कान सुन्न ही पड़ गए वो झुंझला कर बोला ऐसे कैसे ठीक नहीं होगी पूरी डॉक्टर्स , नर्सेज की टीम है तुम्हें अच्छे से देख रहे हैं, सब टेस्ट समय समय पर हो रहे हैं , दवाईयां भी सब ठीक समय पर मिल रही हैं, इतने अच्छे से तो इलाज चल रहा है फिर कैसे तुम्हें कुछ हो जाएगा। सबसे बड़ी बात मैं हूँ न साथ तुम्हारे अपनी जान को कुछ होने दूँगा। अभी तो सिल्वर जुबली क्या गोल्डन जुबली भी मनानी है साथ में। ऐसे कैसे हाथ झोड़ दोगी।

पगली कुछ भी कहती और सोचती है। चलो आँसूं पोछो और मुस्कुराओ जूस पीने का समय हो रहा है फिर खाना भी आता होगा।

चलो अब सब चिंता छोड़ो तुम्हें कुछ नहीं होगा मैं कुछ होने ही नहीं दूँगा।

सुधा थोड़ा संभली और आँसूओं को पोंछती हुई बोली “पक्का न”। सुनो एक बात बोलूँ गुस्सा तो नहीं होंगे। प्रमोद ने सुधा का हाथ अपने हाथ में लिया और कहा बोल मेरी प्यारी सी पगली क्या कहना है। सुधा फिर झेंपी पक्का गुस्सा नहीं होंगे। प्रमोद ने सिर हिलाते हुआ कहा नहीं बाबा नहीं होऊँगा बोलो तो क्या बात है।

तभी सुधा नए नवेले जोड़े से शर्म से लाल होकर बोली “आई लव यू जी” और हाथों में अपना चेहरा छिपा लिया।

तभी प्रमोद भी आगे बढ़ा उसके दोनों हाथों को हटाया और माथे पर प्यार से चुंबन देते हुए बोला “आई लव यू टू”

और दोनों एक दूसरे को देख खिलखिला उठे जो बात कभी लब पर इतने सालों से नहीं आयी वो आज यूँ हस्पताल के कमरे में इस तरह। जो पल पहले कभी न मिले , जो इज़हार कभी न हुआ वो आज यूँ मिले। मानो दुःख के समुद्र में सुख और सुकून।

सच ज़िन्दगी भी कितनी अजीब है भागती दौड़ती रहती है तब कभी समय ही नहीं मिलता परिवार और ज़िम्मेदारीयों के बीच बस चलते चलते। ये छोटा सा इज़हार भी तो कभी हो न पाया था पर आज भले ही गम पहरा दे रहा था पर प्यार और साथ इस से पार ले ही जायेगा ये खुशी से नम सुधा और प्रमोद दोनों की आँखें कह रही थीं।

तभी नर्स आ गई मैम आपके वाइटल चेक करने हैं और दवाई भी देनी है। जो सुधा बुझी बुझी, डरी सहमी सी उठ के बैठ गयी “जी बिल्कुल कीजिए न”। नर्स भी हैरान सुधा जी क्या बात है आज तो आपके चेहरे की रौनक ही कुछ और है, ऐसे ही खुश रहा कीजिए देखिए फिर कितनी जल्दी रिकवर करती हैं आप।

पीछे खड़ा प्रमोद भी सुकून में थे जब से हस्पताल में थी सुधा तो जैसे हँसना, बोलना सब भूल ही गयी थी पर आज तीन लफ्ज़ों के जादू “आई लव यू”ने मानो उस में जान फूंक दी थी और एक हौंसला भी दे दिया था दुख,तकलीफ से लड़ने का, जो काम इतने दिनों से न दवा, न डॉक्टर, न नर्स कर पा रहे थे वो जादू हो गया था प्यार का उसके कह देने का।

…. मीनाक्षी सुकुमारन

        नोएडा

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Check Also
Close
Back to top button