फिल्में बन रही धर्म और इतिहास का मखौल उड़ाने का जरिया

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
हाल में आई आदिपुरुष फिल्म ने भारतीय जनमानस की भावनाओं को काफ़ी चोट पहुंचाई हैं। अब फिल्मों का काम धंधे करने के साथ साथ इतिहास और धर्म पर आपत्ति जनक अभिनय करना भी हो गया हैं।अष्टसिद्धियों के ज्ञाता और महान भक्त हनुमान जी का अभिनय उक्त मूवी में जो प्रदर्शित किया गया,वह फिल्म निर्माताओं की असभ्यता और अनैतिकता को प्रदर्शित कर रहा हैं।
जिस देश के प्रत्येक घरों में श्री राम, मां जानकी और हनुमान जी की प्रतिदिन पूजा आराधना होती हो, उन देवतुल्यों का अभिनय आपत्ति जनक तरीके से होता हैं तो घोर निंदनीय विषय हैं।600 करोड़ रूपए खर्च करने के पश्चात भी आदिपुरूष फिल्म रामायण को सही तरीके से दिखाने में असमर्थ हो जाती हैं तो,यह फिल्म उद्योग के लिए अत्यंत शर्मनाक हैं।
नयेपन और परिवर्तन को आड़े हाथ लेकर धार्मिक और ऐतिहासिक पात्रों का अभिनय निम्न स्तर का करना फिल्म निर्माताओं के लिए उचित नहीं हैं। युवाओं और बदलते समय के अनुसार फिल्मों को मसाला लगाकर प्रदर्शित करना कला के नियम सिद्धांतों का उल्लंघन और अपमान हैं।
आधुनिकता और रचनात्मकता के नाम पर भारत के प्राण केंद्र मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम की छवि फिल्म उद्योग के द्वारा बिगाड़ी जाएगी,तो यह अतीव चिंता का विषय हैं। हालांकि विवादित फ़िल्मों का अतीत कोई छोटा नहीं हैं। 2008 में आई आशुतोष गोवरकर की फिल्म जोधा अकबर ने जबरदस्त विरोध झेला। फ़िल्म निर्देशक आशुतोष ने साक्षात्कार में स्वयं कहा था कि, इतिहास में जोधा नाम की कोई राजकुमारी नहीं हुई, पर यदि पात्रों का नाम बदलूंगा तो लोग फिल्म नहीं देखेगी।
राजपूत समाज ने इस फिल्म को प्रतिबंध कराने के लिए भरसक प्रयास किए। इस फिल्म में ऐतिहासिक घटना के अतिरिक्त पात्र भी कल्पित थे। इस मूवी से हिन्दू मुस्लिम और मुगल राजपूत का घृणित माहौल बन गया। इसी निर्देशक आशुतोष गोवारिकर की 2019 में आई पानीपत फिल्म में भरतपुर के महाराजा सूरजमल की भूमिका अपमान के रुप में दिखाई गई।इससे जाट समाज ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। राजकुमार हिरानी की फिल्म पीके ने हिन्दू धर्म ही नहीं अन्य धर्मों की सांस्कृतिक पहचान पर कड़ा प्रहार किया। इस फिल्म के विरोध में कई संगठनों ने उग्र प्रदर्शन किए।
2015 में आई बाजीराव मस्तानी मूवी में पेशवा बाजीराव के इतिहास के साथ छेड़छाड़ की गई।2018 में आई संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत का विरोध संपूर्ण भारत में हुआ। स्वयं भंसाली जयपुर में करणी सेना के कार्यकर्ताओं द्वारा पीट दिए गए।राजपूत समाज के भारी विरोध और सरकारों के हस्तक्षेप के कारण मूवी में विवादास्पद दृश्य हटाएं गए।
फ़िल्मों के साथ कई धारावाहिक भी धर्म और इतिहास के प्रदर्शन में भावशून्यता का परिचय देते हैं। इसमें जोधा अकबर,महाराणा प्रताप,पोरस इत्यादि धारावाहिक इतिहास के तथ्यों से छेड़छाड़ कर लोगों का मनोरंजन कर चुके हैं। फिल्में यदि धर्म और इतिहास के साथ छेड़छाड़ करती रहेगी तो, यह विशेषकर बच्चों और युवाओं के चरित्र निर्माण पर विपरीत प्रभाव डालेगी।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि,विवादित फिल्मों का मूल्यांकन केन्द्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड क्यों सही नहीं कर पाता? उसकी भूमिका भी संदिग्ध हैं। सूचना और प्रसारण मंत्रालय को उचित कार्यवाही करने की आवश्यकता हैं। विवादास्पद फिल्में आती जा रही हैं और इस पर उचित कार्यवाही ना के बराबर हैं।फिल्मों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के दुष्परिणाम सामने आते ही जा रहे हैं। ये फिल्में सनातन की गूढता समझने में असमर्थ होकर राष्ट्रीय संस्कृति को मज़ाक बनाकर कुत्सित कार्य कर रही हैं।
इस प्रकार मनोरंजन और कला के सुरक्षा कवच में रहकर फिल्म निर्माता भारतीय संस्कृति और इतिहास को तोड़ मरोड़ कर प्रदर्शित कर रही हैं। मुख्यतया धर्म और इतिहास पर आधारित फिल्मों का मूल्यांकन फिल्म समीक्षकों द्धारा करवानी चाहिए। जिससे इसका आलोचनात्मक पक्ष फिल्म प्रदर्शन के पूर्व सम्मुख आ सकें। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड की श्रेणी प्रणाली को और अधिक विकसित करने की जरूरत हैं।
मनु प्रताप सिंह शेखावत
झुंझुनूं, राजस्थान




