एंबुलेंस 108 में सुरक्षित प्रसव कराया

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
करनैलगंज/ गोंडा । एम्बुलेंस कर्मियों ने प्रसव पीड़ा से कराह रगी महिला का एम्बुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया। सरकार द्वारा चलाई जा रही 108 एंबुलेंस निरंतर अपनी सेवा से गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं को बचाता आ रहा है। इसी क्रम में करनैलगंज ब्लॉक अन्तर्गत ग्राम गुरवलिया निवासी 28 वर्षीय रोली सिंह पत्नी वीर बहादुर सिंह को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। जिसपर रोली सिंह के परिजनों द्वारा एम्बुलेंस के लिए 108 पर कंट्रोल रूम फोन किया गया। वहीं कुछ मिनटों बाद एम्बुलेंस उनके घर पहुंची और प्रसूता को लेकर जैसे ही अस्पताल के लिए निकली कुछ ही दूरी पर महिला को प्रसव पीड़ा होने लगी। जिसपर 108 एम्बुलेंस के एमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन प्रवेश कुमार गौतम व पायलट सुनील द्वारा एम्बुलेंस सड़क के किनारे खड़ा करके घर की महिलाओं के सहयोग से प्रसूता का सुरक्षित प्रसव करवाया गया। इसके उपरांत इनको नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएससी मुस्तफाबाद जरवल में लाकर भर्ती करवाया गया। जहां मौजूद चिकित्सक ने जच्चा बच्चा दोनों को स्वस्थ बताया। इस सरहानीय कार्य की क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है।




