उत्तर प्रदेश

चुनाव से पहले योगी सरकार ने घटाई बिजली दर, घरेलू और ट्यूबवेल के बिल में दी जाएगी 50 प्रतिशत की छूट

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार ने किसानों के लिए बड़ा फैसला लिया है। किसानों के घरेलू और ट्यूबवेल के बिजली बिल में 50 फीसदी की छूट दी जाएगी। प्रदेश के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत मंत्री श्रीकांत शर्मा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म कू पर लिखा, पीएम श्री नरेन्द्र मोदी जी के संकल्प किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में निजी नलकूप कनेक्शनों की विद्युत दरों में 50% की कमी कर बड़ी राहत देने के लिए मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी का हार्दिक अभिनंदन। किसानों की सुविधा और समृद्धि के लिए संकल्पित यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निजी नलकूप हेतु विद्युत दरों में वर्तमान दरों के सापेक्ष 50 प्रतिशत छूट देने का निर्णय लिया है।

श्रीकांत शर्मा ने कू पर पोस्ट करते हुए बताया कि निजी नलकूप के नये बिलों में ग्रामीण मीटर्ड कनेक्शन में बिजली दर 2 रुपये/ यूनिट से घटकर 1 रुपये/ यूनिट व फिक्स चार्ज 70 रुपये प्रति हॉर्स पावर से घटकर 35 रुपये/हॉर्स पावर होगा। अनमीटर्ड कनेक्शन में फिक्स चार्ज 170 रुपये/ हॉर्स पावर की जगह 85 रुपये/हॉर्स पावर होगा।

वहीं, शहरी मीटर्ड कनेक्शन में बिजली दर 6 रुपये/ यूनिट से घटकर 3 रुपये/यूनिट व फिक्स चार्ज 130 रुपये/ हॉर्स पावर से घटकर 65 रुपये/हॉर्स पावर होगा। एनर्जी एफिशिएंट पंप में दर 1.65 रुपये/ यूनिट से घटकर 83 पैसे/यूनिट व फिक्स चार्ज 70 रुपये/हॉर्स पावर की जगह 35 रुपये/हॉर्स पावर होगी।

दूसरी ओर यूपी चुनाव में अब चुनावी वादों और तोहफों पर वार-पलटवार हो रहा है। इससे पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने का ऐलान किया था।

पर हकीकत यह है कि यूपी की बिजली कंपनियां एक लाख करोड़ के घाटे में हैं और सरकार पहले ही 11 हजार करोड़ की सब्सिडी दे रही है अब किसानों और आम उपभोक्ता को 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त देने का वादा हो रहा है। इसके लिए सरकार को 24 हजार करोड़ का इंतजाम और करना होगा। यानी कुल मिलाकर 35 हजार करोड़ की सब्सिडी का इंतजाम करना होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button