कला-साहित्य

चुप रहो, जुग-जुग जियो

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

आज के जमाने में सीमा पर जाकर सीने पर गोली खाने से ज्यादा बहादुरी का काम अभिव्यक्ति के नाम पर बोल बच्चन करने वालों की तुलना में चुपचाप रहना है। जी हाँ चुपचाप रहना भी बड़ी बहादुरी का काम है। यह सबके बस की बात नहीं है। छप्पन इंच का सीना भी यह काम नहीं कर सकता। चोर-उचक्के, बलात्कारी, भ्रष्टाचारी पल में देश को चट कर जाने वाले नेताओं के जीतने पर चुप्पी साधना कोई आसान काम नहीं है। खून खौलता है, नसें फूलने लगती हैं। फिर भी वह चुपचाप रहता है। सरे आम गुंडागर्दी करने वाले, धर्म के नाम पर लड़ाने वाले, अपना मतलब साधने वाले गुंडों के आगे अपना मान-सम्मान खोकर निश्चेष्ट खड़े रहना भी बड़ी बहादुरी का काम है।

देशभक्ति के नाम पर 15 अगस्त, 26 जनवरी को लिखित, टंकित, इमोजी व जिफ जैसे संदेशों को अपने जान-पहचान वालों में टरकाकर चुपचाप देशभक्ति का दायित्व निभाना, सरकार चलाने के लिए सरकारी जेबों में टैक्स भरना, पेट्रोल-डीजल, टमाटर और रोजमर्रा की चीज़ों की महंगाई के आसमान छूने पर उसे आसमान से तोड़ लाना इन सबके लिए चीं-चीं-चूँ-चूँ करे बिना जिंदगी को मेहनत की चिमनी में झोंक देना किसी बहादुरी से कम नहीं है। सबसे जरूरी बात इंसानी खाल में जानवरों की तरह मूक रहने के लिए अदम्य साहस की जरूरत पड़ती है। ऐसा साहस हर कोई नहीं दिखा सकता।

किसी दिन सड़क पर जाते हुए सरकारी खड्ढों में गिरकर हाथ-पैर तुड़वाना और फिर अस्पताल के बिस्तर पर लेटकर वहीं किसी दीवार पर चिपकाये हुए सरकारी विज्ञापनों  में मुस्कुरा रही सरकार को देखकर खुद भी मुस्कुरा देना क्या किसी अद्भुत साहस कम है! इतना ही नहीं राष्ट्रीय राजमार्गों, रेल की पटरियों से होते हुए लंबी-लंबी दूरियाँ नापते हुए, विश्वभर में देश का कीर्तिमान स्थापित करते हुए, बिना किसी अहंकार के सरकार के सामने सर झुकाते हुए और मौन भाषा में सरकार से साँस लेने की अनुमति माँगते हुए चुपचाप रहना बहुत बड़ी उपलब्धि है। अब बताइए इतने साहसी बंदे दुनिया में कहीं हो सकते हैं? कतई नहीं। वह गीता के वचनों में अटूट विश्वास रखता है। उसका मानना है जो हुआ सो अच्छा हुआ। जो हो रहा है वह अच्छा हो रहा है और जो होगा वह अच्छा ही होगा। इसलिए जैसे जी रहे हैं वैसे ही जियो क्योंकि चुपचाप जीने में सांसों की गारंटी अधिक होती है। नहीं तो किसी दिन तुम्हारी आवाज को देशद्रोही कहकर दबा दी जाएगी और ऐसी मूर्खता करना किसी सोते हुए देश में जागरूक इंसान का प्रतीक है। ऐसे प्रतीकों को जीने का अधिकार नहीं होता। इसीलिए अपने खातिर न सही अपने परिवार के लिए चुपचाप जिंदगी गुजारना अदम्य साहस का परिचायक है।  वह दिन दूर नहीं जब चुपचाप रहने वालों को भी रत्न, विभूषण, भूषण और श्री जैसा कोई सम्मान दिया जाएगा और हम सब उसकी प्रशंसा का गुणगान गायेंगे।

 डॉ. सुरेश कुमार मिश्रा ‘उरतृप्त’, मो. नं. 73 8657 8657

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button