चोरी की चार बाइकों संग चार वाहन चोर गिरफ्तार

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
उरई/ जालौन। पुलिस ने गश्त के दौरान चार वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की चार बाइकें बरामद कीं। दो वाहन चोर मौके से भाग गए। पुलिस ने सभी को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया।गोहन थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि वह पुलिस टीम के साथ 18 मार्च की रात क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। नावर गांव स्थित आंबेडकर तिराहे के पास संदिग्ध युवक भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर धीरू उर्फ धीरेंद्र, रवि कोरी, राधेश्याम विश्वकर्मा, जाकिर हुसैन (सभी निवासी नावर थाना गोहन) को पकड़ लिया। नावर निवासी अंकित चतुर्वेदी व हथना सिरसाकलार निवासी राजाबाबू मौके से भाग गए। पकड़े गए चारों युवकों के पास से पुलिस ने चोरी की चार बाइकें बरामद कीं। भागे वाहन चोरों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। गिरफ्तार युवकों का आपराधिक इतिहास आसपास के जिलों से पता किया जा रहा है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक योगेंद्र कुमार शर्मा भी शामिल रहे।




