कला-साहित्य

“ज़िंदगी की नीरसता में ज़ायके का तमतमाता तड़का है प्रेम”

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

ज़िंदगी की आपाधापी में उलझते इंसान एहसास हीन हो जाता है। कहाँ हर रोज़ अपने साथी को लाल गुलाब देकर प्यार जता पाता है। कहाँ मीठी चाॅकलेट देकर आधी प्रिया को खिलाकर खुद आधी खा पाता है। नहीं याद रहता कोई खास दिन न आलिंगन में भर पाता है। महबूब बन जाता है घर की मुर्गी दाल बराबर, प्रपोज़ तो छोड़ो ताने उल्हानों से नवाज़ता है। पर, आता है हर साल एक मौसम प्यार, इश्क, मोहब्बत का, चखा जायका जिसने उस आग उगलते एहसासों का पाई है उसने ही जन्नत ज़मीं पर।

गुलाबी ठंड़ से सराबोर फरवरी महिने की बात ही निराली है। वैलेन्टाइन विक का जश्न हर दिल में प्रेम के पुष्प महका देता है। इस एक सप्ताह में हर कोई अपने साथी का शुक्रिया अदा करते भावनाओं को जताता है। क्या गलत है वैलेन्टाइन डे मनाना फूल, चॉकलेट, हग, किस, टेडी कोई फ़ितूर नहीं प्रेम जताने का ज़रिया और प्रतीक है। जो रोज़मर्रा की ज़िंदगी में हम नहीं जता पाते उस एहसास को साल में एक दिन जताकर रिश्ते में ताज़गी भर लेना कोई गुनाह तो नहीं। किसीके प्रति अपनी मोहब्बत का इज़हार करना गलत तो नहीं। वैलेन्टाइन डे का नाम सुनते ही कुछ लोगों की भौहें तन जाती है। वैलेन्टाइन डे को पश्चिमी संस्कृति का प्रतीक कहकर भारतीयता की दुहाई देते वैलेन्टाइन विक को मनाने वाले पर तंज कसते है।

लेकिन प्रेम पर क्या पश्चिमी लोगों का ही अधिकार है ? वसंत ऋतु हमारी संस्कृति में प्रेम का ही मौसम माना जाता है। प्रेम तो संसार की हर शै से उजागर होते हरसू पनपता है। प्रेम कला है, प्रेम साधना है, प्रेम पूजा है ईश्वर कहीं छिपा है तो प्रेम की उन्मादीत क्रिया में छिपा है। प्रेम जब पनपता है दिल की कोरी धरा पर तब असंख्य तार छेड़ जाता है। मन की रागिनी से उठते तरंगों के कंपन से बिना कोई बात के लब मुस्कुराने लगते है। प्रीत सभर नग्में खुद ब खुद गुनगुनाते मोहब्बत के मारे मदहोशी में जीते है।

दो रूहों को चाहत की कसक से बाँधता प्यार कायनात के हर ज़र्रे से गूँजायमान होता सदियों से बहता है। प्यार को जीते है दो अरमान भरे दिल। सच कहा है गुलज़ार जी ने। “प्यार कभी इकतरफ़ा होता है न होगा, दो रूहों के मिलन की जुड़वां पैदाईश है ये प्यार” अकेला नहीं जी सकता जीता है तो दो लोगों में, मरता है तो दो लोग मरते हैं।

जामुनी झील नही प्यार जो चोकर में बंधा रहे। प्यार एहसासों के नूर का रोशन सा आबशार है। चंचल है प्यार नदी सा अपनी धून में बहता रहता है। आफ़ताब नहीं इश्क जो सुबह के साथ चढ़ता जाए और शाम होते ही ढ़ल जाएं।

प्यार सरगम है कान्हा की बाँसुरी से निकलते साज़ सी। प्यार वो धार है जो छलकती है कलकल करती मंदाकिनी शिवजी की जटा से। प्यार वो बयार है जो छंटती है पूर्वीय पहाडों से मंद-मंद संदल सी। दिल बादल है एहसास बरखा है। प्यार का कोई मौसम नहीं वो बरसता रहता है बूँद-बूँद मेहबूब की आँखों से। बेतरबा प्यार दर्द भी है तो प्यार सुकून भी है, प्यार नशा भी है, प्यार जुनून भी है। मन में  एहसासों से सजे नीड़ में पलता प्यार रिश्तों में सरताज है। धरती के सीने पर उगती हरियाली फ़सल सा है प्यार। दो ऊर्जावान गुदगुदाते दिलों के भीतर महकती मिट्टी सा मोहक है प्यार। सनम की हंसी से बहती चाहत की बारिश में नहाते महक उठता है। प्यार साज़िश नहीं जो जान बूझ कर रची जाए, प्यार इत्तेफ़ाक़ है। अन्जान अजनबी की एक झलक भी आँखों को भाती तब सुस्ताए सोये दिल में खलबली होते ही दिल खता कर बैठता है। हवस की हद नहीं आशिक की अदाओं का मारा होता है प्यार। किसी मनचाहे किरदार के जिस्म से बहता सुगंधित जलवा है प्यार। जब होता है प्यार तो रगों में खून की जगह उन्माद पैदा होता है।

एक बीज पनपता है मन की धरा पर। मोहब्बत का, एक सूरज उगता है दिल के आसमान में गुलाबी भात जो भर जाता है और जीवन की आबोहवा पर छिड़कता है हर इन्द्रधनुषी रंग। ज़िंदगी जीने का मंत्र है प्यार, पूजा है प्यार, आरती, अज़ान और गुरबानी है प्यार।

“जिसने किया प्यार असल में वही ज़िंदगी जिया, न चखा इश्क का जाम वो क्या ख़ाक़ जिया”

भावना ठाकर ‘भावु’ (बेंगलोर, कर्नाटक)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button