जालौन

ट्रैक्टर ने लोडर में मारी टक्कर,चालक घायल, 550 लीटर दूध बर्बाद

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

उरई/जालौन। जालौन में कोंच-उरई मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां दूध लेकर आ रही लोडर में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दूध से भरी लोडर क्षतिग्रस्त होने के बाद लोडर और ट्रैक्टर बीच सड़क पर ही पलट गया। इस घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया, जबकि लोडर में सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना को देख पीछे से आ रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। साथ ही घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंच में भर्ती कराया, मगर युवक की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने प्रथम उपचार करने के बाद ग्वालियर के लिए रेफर कर दिया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना कोंच कोतवाली के उरई-कोंच रोड़ स्थित ग्राम पनयारा के पास की है।
बताया गया है कि नदीगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सीकरी बुजुर्ग का रहने वाला जय हिंद (28) पुत्र भारत सिंह तथा कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम गेंदोली का रहने भूपेंद्र (22) पुत्र रामशंकर गांव-गांव जाकर दूध खरीदने का काम करते हैं। बुधवार देर रात को दोनों लोग कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिमिरिया से केनों के माध्यम से दूध भरकर लोडर से ग्राम चकधारी में खुली डेयरी पर जा रहे थे।
जब वह कोंच-उरई मार्ग स्थित ग्राम पनयारा से कोंच रोड की तरफ जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे बिजली विभाग के ट्रैक्टर ने सामने से लोडर में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर और लोडर सड़क पर पलट गए, जिसमें लोडर में पीछे दूध की केन के साथ बैठा युवक भूपेंद्र लोडर के नीचे आकर बुरी तरह दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया, साथ ही केन में भरा 550 लीटर दूध सड़क पर फैल गया। वहीं घटना के बाद ट्रैक्टर का चालक मौके से भाग गया।
इस घटना के बाद राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने लोडर के नीचे दबे युवक को देख तत्काल बाहर निकाला। सूचना पुलिस को देकर उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंच में भर्ती कराया। वही लोडर को हाथों से उठवाकर बीच सड़क से हटवाकर किनारे लगवाया।
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। इस घटना में बाद बिजली विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे, जिन्होंने सड़क किनारे पलटे ट्रैक्टर को छोटी क्रेन से उठाने का प्रयास किया, जहां कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को हटाया।
वहीं घायल हालत में अस्पताल पहुंचे युवक का डॉक्टरों ने प्रथम उपचार करने के बाद नाजुक हालत देखते हुए उसे ग्वालियर के लिए रेफर कर दिया। घटना स्थल पर पहुंची कोंच कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई, साथ यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ट्रैक्टर चलाने वाला चालक कौन था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button